रांची रेल मंडल में महिला कर्मियों के जिम्मे रही पैसेंजर ट्रेन

Update: 2023-03-10 10:12 GMT
DEMO PIC 
रांची (आईएएनएस)| रांची रेल मंडल में शुक्रवार को रांची से टोरी स्टेशन के बीच एक पैसेंजर ट्रेन का परिचालन पूरी तरह महिला कर्मियों के हाथ में रहा। ट्रेन चलाने से लेकर टिकट काउंटर और सिक्योरिटी तक का काम महिलाओं ने किया। लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, गार्ड, स्टेशन मैनेजर, टीटीई, सिक्योरिटी चेक तक की जिम्मेदारी महिलाओं के हाथों में रही।
इस पैसेंजर ट्रेन को पटरियों पर दौड़ाने और गंतव्य तक पहुंचाने के लिए लोको पायलट की भूमिका में दीपाली अमृत थी, जबक सहायक लोको पायलट के तौर पर गीता कुमारी खलखो की तैनाती थी। ट्रेन मैनेजर की भूमिका में अनुपमा लता थी। उरसेला टोप्पो, मसिरा सुरीन, विनीता खेस, मुन्नी भेंगरा, एल केरकेट्टा टिकट निरीक्षक के तौर पर तैनात रहीं, जबकि चंद्राणी विश्वास, कल्पना कुमारी, सरस्वती, पिंकी, सरोज तिर्की और पूजा बारला ने सिक्योरिटी की जिम्मेदारी संभाली। लोको पायलट दीपाली अमृत ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि रेलवे प्रशासन ने उनपर भरोसा जताया। सीनियर डीओएम श्रेया सिंह ने कहा कि महिलाओं का मनोबल ऊंचा करने के उद्देश्य से यह पहल की गई।
इस बार महिला दिवस 8 मार्च को होली होने की वजह से महिला दिवस के मौके पर यह आयोजन 10 मार्च को किया गया। इधर, झारखंड के ही चक्रधरपुर रेल मंडल के सभी स्टेशनों के रिजर्वेशन और बुकिंग काउंटर का जिम्मा गुरुवार को महिला कॉमर्शियल क्लर्क ने संभाला। टाटानगर, राउरकेला, चक्रधरपुर स्टेशन में पूछताछ केंद्र व उद्घोषणा में भी कॉमर्शियल विभाग के महिला कर्मियों ने अकेले जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
Tags:    

Similar News

-->