मां-बाप का उजड़ा संसार, पानी भरे गड्ढे में डूबने से 6 साल के बच्चे की मौत
दोस्त के साथ खेल रहा था मासूम अचानक पानी भरे गड्ढे में गिरा
Lucknow लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चिनहट क्षेत्र के बीबीडी (बाबू बनारसी दास) थाना इलाके की हृदय विहार कॉलोनी में पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान हर्षित चौरसिया के रूप में हुई है। हर्षित मर्चेंट नेवी कर्मचारी बृजेश प्रताप चौरसिया का बेटा था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। हर्षित अपने पड़ोसी और दोस्त शिव नंदन तिवारी के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह घर के पास स्थित एक प्लॉट में चला गया, जहां बारिश के पानी से एक गहरा गड्ढा भर गया था। बताया जा रहा है कि हर्षित गड्ढे के पास पेशाब करने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा। पानी अधिक होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और डूब गया।
जब काफी देर तक हर्षित वापस नहीं लौटा तो परिजनों और आसपास के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्चे को पानी से भरे गड्ढे में पाया गया। आनन-फानन में उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्लॉट में बने गड्ढे में पानी भरने से खतरा बना हुआ था। उनका आरोप है कि ऐसी जगहों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हादसे के कारणों और गड्ढे की स्थिति को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। मासूम हर्षित की मौत से हृदय विहार कॉलोनी में शोक का माहौल है। पड़ोसियों ने परिवार के प्रति संवेदना जताई है। इस घटना ने एक बार फिर खुले गड्ढों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।