एमपी। ये अजीबोगरीब कहानी मध्य प्रदेश के उज्जैन की है. यहां एक युवक रात में चुपके से पड़ोस के घर के बाहर पहुंचता और रस्सी पर सूख रहे महिला के अंडरगारमेंट चुराकर फरार हो जाता था. जब परिवार को शक हुआ तो उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें चोर की करतूत नजर आई.

पुलिस ने युवक को पकड़कर पूछताछ की तो सामने आया कि आरोपी युवक पड़ोस में रहने वाली शादीशुदा महिला से एकतरफा प्यार करता था, उसी सनक में यह हरकत की. मामला उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र के ढांचा भवन इलाके का है. यहां रहने वाली एक महिला और उसके परिवार ने पुलिस से शिकायत की थी कि उनके घर के बाहर सूख रहे कपड़ों में से बार-बार महिला के अंडरगारमेंट गायब हो जाते हैं. शुरुआत में परिवार को लगा कि शायद यह किसी की हरकत होगी, लेकिन जब यह घटना कई बार होने लगी तो मामला संदिग्ध लगने लगा. परिवार ने इस पर नजर रखने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की.

सीसीटीवी फुटेज में जो सामने आया, उसने परिवार के साथ-साथ पुलिस को भी हैरान कर दिया. फुटेज में दिखाई दिया कि देर रात एक युवक धीरे-धीरे घर के बाहर आता है. वह पहले चारों तरफ नजर दौड़ाता है, ताकि कोई उसे देख न ले. इसके बाद वह कपड़े सुखाने वाली रस्सी के पास पहुंचता है और वहां टंगे महिला के अंडरगारमेंट चोरी कर वहां से भाग जाता है. यह पूरी घटना कैमरे में साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई थी. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और जल्द ही आरोपी की पहचान कर ली. पुलिस ने 25 वर्षीय युवक अंकित को गिरफ्तार कर लिया, जो उसी इलाके का रहने वाला है और शिकायत करने वाली महिला का पड़ोसी है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ढांचा भवन क्षेत्र में ही रहता है और अक्सर आसपास के लोगों के बीच भी आता-जाता था. गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने जो खुलासा किया, वह और भी हैरान करने वाला था. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पड़ोस में रहने वाली उस शादीशुदा महिला से एकतरफा प्यार करता है. इसी जुनून और सनक के कारण वह उसके घर के बाहर सूख रहे अंडरगारमेंट चुरा लेता था. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपनी छाती पर उस महिला के नाम का टैटू भी बनवा रखा है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी सिर्फ एक बार नहीं, बल्कि कई बार इस तरह की हरकत कर चुका था. देर रात वह मौका देखकर घर के बाहर पहुंचता और रस्सी पर सूख रहे कपड़ों में से महिला के अंडरगारमेंट चोरी कर फरार हो जाता था. परिवार को जब बार-बार ऐसी घटनाओं का सामना करना पड़ा, तब उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की. मामले की शिकायत मिलने के बाद चिमनगंज थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उससे पूछताछ भी जारी है.


Tags: