लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है और सात लाख से ज्यादा युवाओं को कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से रोजगार मिला है। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत 2.65 लाख से अधिक ग्रामीण युवाओं को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण देकर 1.23 लाख से अधिक को रोजगार उपलब्ध कराया गया। उन्होनें कहा कि स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा 2047 के आत्मनिर्भर और विकसित भारत की सबसे बड़ी रीढ़ बनेंगे। मुख्यमंत्री शनिवार को गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ में आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित किया।
2047 के विकसित भारत की सबसे बड़ी रीढ़ बनेंगे प्रशिक्षित युवा: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2015 में विश्व युवा कौशल दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्किल इंडिया महाअभियान का शुभारंभ किया था। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश की युवा शक्ति को कौशल और रोजगार से जोड़ने का व्यापक अभियान आगे बढ़ा है। उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा राज्य है और यहां कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। माध्यमिक शिक्षा के तहत प्रोजेक्ट प्रवीण से 1,700 से अधिक विद्यालयों के 2.50 लाख से अधिक विद्यार्थी कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
150 से अधिक आईटीआई में एआई, ड्रोन और रोबोटिक्स की पढ़ाई
मुख्यमंत्री ने बताया कि टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से प्रदेश के 150 से अधिक आईटीआई को अपग्रेड किया गया है। यहां एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और 3डी प्रिंटिंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन संस्थानों से प्रशिक्षित 12 हजार से अधिक युवाओं को कैंपस प्लेसमेंट मिला है। वर्ष 2026 में रोजगार मेलों के माध्यम से 50 हजार से अधिक कुशल युवाओं को रोजगार मिला, जिनमें 3,400 से अधिक दिव्यांग युवा शामिल हैं।
हर जिले में बन रहे सरदार पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन विकसित किए जा रहे हैं। यहां सरकारी और निजी क्षेत्र के व्यावसायिक शिक्षा नेटवर्क को एकीकृत कर राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार की मांग के अनुरूप कार्यबल तैयार किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
युवा शक्ति है हर सफलता का आधार: जयंत चौधरी
केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा मंत्रालय के राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सफलता के पीछे युवा शक्ति का सामर्थ्य होता है। वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा में अपनी पहचान बनाने वाले युवाओं को सम्मानित करने के लिए यह समारोह आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश आज उत्सव प्रदेश बन चुका है। युवा बेटियां कौशल विकास पर ध्यान दें तो उनके लिए वैश्विक स्तर पर अवसरों की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के गठन के बाद वर्ष 2014-15 से अब तक 7.67 करोड़ युवाओं को कौशल विकास योजनाओं का लाभ मिल चुका है।
प्रधानमंत्री ने 10 राष्ट्रीय कौशल टॉपर्स को किया सम्मानित
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न श्रेणियों के 10 राष्ट्रीय कौशल टॉपर्स को अपने हाथों से पुरस्कार प्रदान किए। इनमें क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम और क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर ट्रेनिंग स्कीम के टॉपर्स, दिव्यांग श्रेणी के विजेता तथा 'वुमेन इन हार्ड ट्रेड्स' की प्रतिभागी शामिल रहीं। सीटीएस श्रेणी में तमिलनाडु की काव्या लेखा आरएन और संधना लक्ष्मी आर तथा जम्मू-कश्मीर के ताबिश शौकत को सम्मानित किया गया। दिव्यांग श्रेणी में पश्चिम बंगाल के अमित बैरागी और मध्य प्रदेश के सूरज साहू को पुरस्कार मिला। 'वुमेन इन हार्ड ट्रेड्स' श्रेणी में ओडिशा की सुपीति महापात्रा और तमिलनाडु की संगीता टी सम्मानित हुईं। सीआईटीएस श्रेणी में केरल की एंजेल मैरी एंटो, उत्तर प्रदेश के शाहबाज खान और नोएडा की संध्या देवी को प्रधानमंत्री ने पुरस्कार प्रदान किए।
समारोह में रहे मौजूद
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहे जिनके साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा मंत्रालय के राज्य मंत्री जयंत चौधरी, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडे तथा व्यावसायिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और देशभर से आए प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।
Tags: