जिस काम में था माहिर, उसी में खा गया मात, सांप ने डसा, मौत
पढ़ें पूरी खबर.
झांसी: झांसी में सोमवार की शाम एक घर में घुसे सांप को पकड़ने गए सपेरे बिच्छूनाथ को कोबरा सांप ने डस लिया. हालत बिगड़ने पर परिजन सांप को मिट्टी के छोटे घड़े में बंद कर और सपेरे को लेकर झांसी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया.
मृतक सपेरे का नाम बिच्छूनाथ (80) था. वह मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के पिछोर का रहने वाले थे. उनका एक बेटा था, उसकी भी काफी समय पहले मौत हो चुकी है. नाती सनी के अनुसार, उन्होंने अपने पूरे जीवन सांपों को पकड़ने का काम किया है. सोमवार शाम को वह ग्राम सरसोना में घर में घुसे सांप को पकड़ने गए थे. जहां पकड़ते समय कोबरा सांप ने उन्हें डस लिया. इसके बाद भी सपेरे ने उस सांप को पकड़कर मिट्टी के घड़े में बंद कर लिया और फिर मेडिकल कॉलेज आ गए, यहां इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया.
प्रत्यक्षदर्शी रामसिंह लोधी ने बताया कि बिच्छूनाथ सांप पकड़ने का काम करते थे. वह ग्राम सरसोना में सांप पकड़ने गए थे. उन्होंने सांप को पकड़ लिया और डंडे से दबाने प्रयास करने लगे, इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया. इसके बाद पकड़े गए सांप को मिट्टी के घड़े में बंद कर दिया और फिर उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले आए. मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
झांसी मेडिकल कॉलेज के CMS सचिन माहौर ने बताया कि रात में 80 वर्षीय बिच्छूनाथ नाम का बुजुर्ग आया था. उसे सांप ने डस लिया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं, मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी मोहित राणा ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया. पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.