बाप रे! बेकाबू स्कॉर्पियो ने 4 युवकों को रौंदा, चारों ने दम तोड़ा

इलाके में हड़कंप.

Update: 2026-07-12 04:37 GMT
हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी के तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार रात एक बेकाबू स्कॉर्पियो गाड़ी ने चार दोस्तों को रौंद दिया। इस हादसे में बुरी तरह घायल 3 लड़कों की अस्पताल लाते वक्त मौत हो गई, जबकि एक ने देर रात आईसीयू में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस को शनिवार रात करीब 10 बजे फ्लाईओवर पर हादसे की सूचना मिली। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो 17 वर्षीय राहुल राजपूत पुत्र किशन पाल निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल, 25 वर्षीय शिवम पुत्र बाबूराम गोरापड़ाव, 20 वर्षीय अंशु आर्य पुत्र पंकज आर्य निवासी बेरीपड़ाव और 18 वर्षीय आदित्य टम्टा निवासी गोरापड़ाव सड़क पर घायल पड़े हुए मिले। उनके पास ही एक स्कूटी पड़ी थी। बताया जा रहा है कि लालकुआं से आई बेकाबू स्कॉर्पियो कार ने चारों को कुचल दिया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल चारों लड़कों को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गई। वहां राहुल, शिवम और अंशु को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि आदित्य को गंभीर अवस्था में आईसीयू में भर्ती कराया गया। देर रात करीब एक बजे उसकी भी मौत हो गई। इस खबर से चारों लड़कों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्कॉर्पियो सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हादसा इतना जबर्दस्त था कि स्कॉर्पियो के पहिये भी निकल गए।
इस हादसे में जान गंवाने वाला 18 साल के आदित्य टम्टा गोरापड़ाव का रहने वाला वाला था। मृतक कालाढूंगी थाने में तैनात एसआई महेन्द्र प्रसाद के चचेरे भाई का बेटा है। घटना के बाद महेंद्र प्रसाद भी एसटीएच पहुंच गए। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि मामले में एनएचएआई से भी सीसीटीवी की फुटेज मांग ली है।
गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर शनिवार रात हुए हादसे ने चार परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। चारों मृतक आपस में पक्के दोस्त थे, जो रात में एक-दूसरे से मिलने की बात कहकर अपने-अपने घरों से निकले थे। ऐसा किसी ने नहीं सोचा था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात होगी।
इस हादसे ने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। पुलिस व लोगों के बीच अब यही सवाल तैर रहा है कि आखिर रात 10 बजे चारों दोस्त स्कूटी लेकर फ्लाईओवर पर क्या करने गए थे? हादसा कैसे हुआ, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है।
सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। हादसा कैसे हुआ और वे वहां क्या कर रहे थे, इसकी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल जा रहे हैं। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसपी सिटी मनोज कत्याल ने एसटीएच पहुंच मामले की जानकारी ली।
25 वर्षीय शिवम रात करीब 9:30 बजे घर से निकला था। उसी वक्त मां सरबती ने उसे खाना खाने को कहा तो उसने वह मुस्कुराते हुए बोला, मां दोस्त बुला रहे हैं बस एक घंटे में लौटकर खा लूंगा। एक घंटे के भीतर बेटे की वापसी की जगह उसकी मौत की खबर घर पहुंची। पिता बाबूराम ने बताया, उनका बेटा पेंटर का काम करता था। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जो बार-बार अपने बेटे को परोसी थाली को देख रही है।

Tags:    

Similar News