दिल्ली। शराब की दुकानों को वीकेंड खत्म होने तक रात 8 बजे बंद करने का आदेश दिया गया है. जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के अगुवाई में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को बिना किसी पूर्व सूचना के दुकानें जल्दी बंद कर दी गईं, जिससे कई लोगों को शराब के बिना ही लौटना पड़ा.
आमतौर पर दिल्ली में शराब की दुकानें रात 10 बजे बंद होती हैं. लेकिन अब वीकेंड तक इन्हें 8 बजे ही बंद करना होगा. दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह फैसला पुलिस की जानकारी के आधार पर लिया गया है. पुलिस ने जंतर मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के चलते मौजूदा हालात को लेकर आगाह किया था. पिछले कुछ दिनों से नीट परीक्षा को लेकर हुए विवाद के कारण मध्य दिल्ली में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं. कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले जुटे छात्र जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं. ये छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. छात्रों का आरोप है कि परीक्षा का पेपर लीक हुआ था, जिसके मंत्री प्रधान जिम्मेदार हैं. इस पेपर लीक के बाद कई छात्रों ने आत्महत्या भी कर ली थी.
इसी कड़ी में 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी ने संसद तक मार्च निकालने का ऐलान किया था. यह मार्च हिंसक हो गया, जिसमें कई प्रदर्शनकारी और कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे. इसी घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है, और अब शराब की दुकानों के समय में भी बदलाव किया गया है ताकि वीकेंड के दौरान कोई अनहोनी न हो. शुक्रवार को केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों और कॉकरोच पार्टी की मुलाकात भी हुई है. कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में दोनों के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की. कॉकरोच पार्टी ने बताया है कि सरकार की ओर से आश्वासन मिला है कि उनकी मांगों को आगे तक पहुंचाया जाएगा.