Hapuda हापुड़: बदनौली गांव में हुई फायरिंग की घटना में एक व्यक्ति की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले को लेकर ASP हापुड़ विनीत भटनागर ने बताया कि घटना में शामिल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। ASP विनीत भटनागर ने बताया कि करीब दो दिन पहले दो परिवारों से जुड़े पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए थे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की और अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी अभियुक्तों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ASP ने कहा कि पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है।
वहीं, घटना को लेकर कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक बयानबाजी किए जाने पर ASP ने कहा कि कुछ लोग इस मामले पर राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अपील की कि इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग न दिया जाए। फायरिंग की घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।