नई दिल्ली: वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांग ला के ऐतिहासिक मोर्चे पर अद्वितीय शौर्य और सर्वोच्च सैन्य नेतृत्व का परिचय देने वाले परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह के बलिदान दिवस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सहित कई नेताओं ने उन्हें नमन किया है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांग ला के ऐतिहासिक मोर्चे पर अद्वितीय शौर्य और सर्वोच्च सैन्य नेतृत्व का परिचय देने वाले परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह जी के बलिदान दिवस पर सादर नमन। अत्यंत विषम भौगोलिक परिस्थितियों, भीषण शीत और शत्रु की भारी सैन्य शक्ति के बावजूद उन्होंने अपनी बटालियन के वीर जवानों का नेतृत्व करते हुए अदम्य साहस का परिचय दिया।"
ओम बिड़ला ने आगे लिखा, "अपने साथियों के मनोबल को बनाए रखते हुए वे अंतिम क्षण तक मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्षरत रहे। रेजांग ला का रण भारतीय सैन्य इतिहास में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, नेतृत्व और बलिदान का ऐसा अनुपम उदाहरण है, जिसे कभी विस्मृत नहीं किया जा सकता। मेजर शैतान सिंह और उनके वीर साथियों का पराक्रम प्रत्येक भारतीय के हृदय में राष्ट्ररक्षा के प्रति समर्पण की भावना जागृत करता रहेगा।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांग ला की बर्फीली चोटियों पर अदम्य साहस, असाधारण शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का अप्रतिम इतिहास रचने वाले परमवीर चक्र विजेता, अमर बलिदानी मेजर शैतान सिंह भाटी के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! मातृभूमि की रक्षा के लिए आपका अप्रतिम समर्पण और पराक्रम युगों-युगों तक प्रत्येक देशवासी को राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता रहेगा।"
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "भारत-चीन युद्ध में असाधारण रणकौशल का परिचय देने वाले, अदम्य साहस एवं शौर्य के पर्याय परमवीर चक्र से अलंकृत मेजर शैतान सिंह जी के बलिदान दिवस पर कोटिशः नमन। मां भारती की सेवा में आपका समर्पण एवं शौर्य गाथा हमें सदैव राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।"
उत्तराखंड सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण और सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने लिखा, "1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांग ला की लड़ाई में अद्वितीय साहस, शौर्य एवं पराक्रम का परिचय देने वाले परमवीर चक्र से सम्मानित अमर बलिदानी मेजर शैतान सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। मां भारती की रक्षा हेतु उनका सर्वोच्च बलिदान, अदम्य वीरता एवं कर्तव्यनिष्ठा भारतीय सैन्य इतिहास में सदैव अमर रहेगी। उनकी गौरवशाली वीरगाथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने एक्स पोस्ट में लिखा, "असाधारण सैन्य नेतृत्व, अदम्य साहस और वीरता के प्रतीक एवं परमवीर चक्र से सम्मानित मेजर शैतान सिंह जी के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! मातृभूमि की रक्षा के लिए उनका अद्वितीय शौर्य और सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।"
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "अद्वितीय वीरता, अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक 'परमवीर चक्र' मेजर शैतान सिंह के बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि। 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांग ला के मोर्चे पर मातृभूमि की रक्षा करते हुए उनका सर्वोच्च बलिदान और शौर्य सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।"
Tags: