OMG! कफन में लिपटा शव जमीन पर घसीटा, VIDEO वायरल
अस्पताल का शर्मनाक वीडियो शव को घसीटकर ले जाने पर मचा बवाल
BIHAR बिहार: बक्सर सदर अस्पताल से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने अस्पताल व्यवस्था और शव प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक अज्ञात शव को कफन में लपेटकर जमीन पर घसीटते हुए पोस्टमार्टम हाउस तक ले जाते हुए देखा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला 31 अगस्त 2026 का बताया जा रहा है। रेलवे के पैदल पुल के पास एक अज्ञात शव मिला था। इसके बाद रेलवे पुलिस (GRP) ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा था। अस्पताल पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचाने की जिम्मेदारी वहां काम करने वाले कर्मचारी की थी। वायरल वीडियो में एक कर्मचारी शव को कफन समेत जमीन पर घसीटते हुए पोस्टमार्टम हाउस की ओर ले जाता दिखाई दे रहा है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई और अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
स्टाफ की कमी बताई वजह
मामले में शव ले जाने वाले कर्मचारी बिहारी कुमार ने बताया कि शव को उठाकर ले जाने के लिए कई लोगों की जरूरत होती है। लेकिन उस समय वह अकेला था और उसके साथ कोई अन्य कर्मचारी मौजूद नहीं था। स्टाफ की कमी के कारण उसे मजबूरी में शव को इस तरह ले जाना पड़ा। कर्मचारी के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचाना उसकी जिम्मेदारी थी। सहयोगी नहीं होने के कारण उसने किसी तरह शव को वहां तक पहुंचाया।
जीआरपी ने दी जानकारी
बक्सर रेलवे जीआरपी प्रभारी मनी चंद्र पांडे ने बताया कि बिहारी कुमार अस्पताल में शव पहुंचाने का काम करता है। रेलवे की ओर से मिले अज्ञात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था, जिसे पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की थी। हालांकि, इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सवाल उठाए हैं कि आखिर किसी शव को सम्मानजनक तरीके से ले जाने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई।
जांच और कार्रवाई पर नजर
घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि मृत व्यक्ति की पहचान भले ही न हुई हो, लेकिन शव के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। वहीं, प्रशासन की ओर से इस मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर बनी हुई है।