OMG! वाइन शॉप में घुसी बंदरिया, शराब पीकर वहीं सो गई
वीडियो भी सामने आया.
रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए. शुक्रवार को ओरमांझी के ब्लॉक चौक स्थित एक वाइन शॉप में अचानक एक बंदरिया घुस गई. दुकान के अंदर पहुंचने के बाद उसने ऐसा कुछ किया कि वहां मौजूद लोग भी देखते रह गए. बताया जा रहा है कि बंदरिया ने दुकान में रखी शराब की एक बोतल से शराब पी और इसके बाद टुन हो गई और वहीं आराम से सो गई.
बताया जा रहा है कि बंदरिया अचानक वाइन शॉप के अंदर पहुंची थी. पहले तो दुकान में मौजूद लोग उसे देखकर हैरान रह गए. वहीं जब दुकानदार ने उसे भगाने की कोशिश की तो उसने उसे काट भी लिया. जिससे दुकानदार बाहर निकल गए. इसके बाद बंदरिया ने दुकान में रखी शराब की एक बोतल से शराब पी ली. शराब पीने के बाद वह दुकान के अंदर ही आराम से लेट गई और सो गई.
बंदरिया के इस अनोखे 'कारनामे' की खबर इलाके में फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. हर कोई इस अजीबोगरीब घटना को अपनी आंखों से देखना चाहता था. बंदरिया जब दुकान में सो गई तो इसकी सूचना रेस्क्यू टीम को दी गई. सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बंदरिया को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश शुरू की. टीम का प्रयास था कि बंदरिया को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए.
फिलहाल, वाइन शॉप के अंदर शराब पीने के बाद बंदरिया के सोने का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. घटना से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो भी लोगों के बीच कौतूहल पैदा कर रहे हैं.