फाइल फोटो
नई दिल्ली: AAP यानी आम आदमी पार्टी ने पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा है। इसके साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के पंजाब से राज्यसभा जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, आप या केजरीवाल की तरफ से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। उपचुनाव के बाद पंजाब में मंत्रियों में फेरबदल भी संभव है।
संजीव अरोड़ा राज्यसभा सांसद हैं। उन्हें आप ने लुधियाना पश्चिम सीट से उतारा है। यह सीट विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के 10 जनवरी को निधन के बाद खाली हो गई थी।
केजरीवाल के राज्यसभा जाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, ‘100 फीसदी ऐसा होगा। पहले केजरीवाल गुरप्रीत की सीट के जरिए आना चाहते थे, लेकिन उन्हें लगा कि पंजाब में इसपर बड़ी प्रतिक्रिया होगी और पंजाबी किसी बाहरी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। ऐसे में उन्होंने कदम वापस लिए। अरोड़ा साहब वाली जानकारी में बहुत हद तक सच्चाई हो सकती है।’
ट्रिब्यून इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, आप आलाकमान ने 61 साल को अरोड़ा को उपचुनाव के लिए उम्मीदवार के तौर पर चुना है। खबर है कि केजरीवाल ने नई दिल्ली में अरोड़ा से मुलाकात भी की है और उपचुनाव लड़ने के लिए कहा है। खबरें ये भी हैं कि उन्हें राज्य सरकार में अहम पद देने का भी भरोसा जताया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप की हार के बाद से ही पंजाब सरकार में फेरबदल की अटकलें जारी हैं। अब संभावनाएं जताई जा रही हैं कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार में उपचुनाव के बाद फेरबदल हो सकते हैं।
अखबार की ही एक अन्य रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया था कि पंजाब से आप के 6 और राज्यसभा सांसदों ने भी केजरीवाल को अपनी सीट की पेशकश की है। साथ ही ये भी खबरें हैं कि आप अरोरा की जगह केजरीवाल को ऊपरी सदन भेजने की योजना पर विचार कर रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद दिल्ली में हुई आप चीफ और पंजाब सरकार की बैठक के दौरान भी इस तरह की अटकलें लगी थीं।