मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में गोवर्धन पहाड़ी की परिक्रमा कर रही करीब 30 वर्षीय महिला पर मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर हमला कर दिया. आरोपी ने पहले महिला से भीख मांगी. लेकिन महिला ने उसकी बात को नजरअंदाज कर दिया और परिक्रमा करती रही. आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने अचानक महिला पर हमला कर उसकी नाक काट दी. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.
पुलिस के मुताबिक घटना गोवर्धन पहाड़ी की तलहटी में हुई. महिला की पहचान मोनिका के रूप में हुई है. वह मूल रूप से मुंबई की रहने वाली है और पिछले करीब छह महीने से गोवर्धन में रह रही है. वह नियमित रूप से गोवर्धन पहाड़ी की परिक्रमा करती थी.
बताया जा रहा है कि परिक्रमा के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति महिला के पास पहुंचा और उससे भीख मांगने लगा. महिला ने उसे अनदेखा कर दिया. इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला पर हमला किया और उसकी नाक काट दी. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि महिला की नाक पर गहरी चोट आई है और उसका इलाज कराया जा रहा है.
वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला. पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है. आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस उसकी पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल महिला का इलाज जारी है और पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.
Tags: