नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं. वीडियो में देख सकते हैं कि एक व्यक्ति की शव यात्रा निकाली जा रही है, लेकिन माहौल बिल्कुल अलग नजर आ रहा है. जहां आमतौर पर ऐसे मौकों पर शांति और शोक होता है, वहीं इस शव यात्रा में लोग डीजे की धुन पर जमकर डांस करते दिख रहे हैं. इसके साथ ही इस शवयात्रा में डीजे भी चल रहा है. जिसमें- मैंने तेरी यादों के ज़ुल्फ़ों में लगाए फूल मैंने तेरी यादों के ज़ुल्फ़ों में लगाए फूल आगे तेरी मर्ज़ी, तू कर ना कर मुझे क़ुबूल गाना बज रहा है और लोग जमकर डांस कर रहे हैं.
वीडियो में कई लोग कंधे पर अर्थी उठाए हुए चल रहे हैं और उनके आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं. पीछे तेज आवाज में डीजे बज रहा है और कुछ लोग नाचते-गाते आगे बढ़ रहे हैं. सड़क पर फूल भी बिखरे नजर आ रहे हैं, जिससे यह साफ होता है कि अंतिम यात्रा को एक अलग अंदाज में निकाला जा रहा है. बताया जा रहा है कि कुछ जगहों पर अब अंतिम यात्रा को दुख के बजाय 'सेलिब्रेशन ऑफ लाइफ' के तौर पर भी देखा जाने लगा है. यानी व्यक्ति के जीवन को याद करते हुए लोग संगीत और नाच-गाने के जरिए उसे विदाई देते हैं. हालांकि, यह तरीका हर किसी को सही नहीं लगता. सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. कुछ लोग इसे परंपरा से अलग और गलत बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि हर परिवार अपने तरीके से अपने प्रियजन को विदाई दे सकता है.