नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर अपने अनुभव साझा किए।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। उनका सहज स्वभाव और राष्ट्र के प्रति अटूट सेवाभाव हमें बहुत कुछ सिखाता है। उनका मार्गदर्शन देश और समाज के उत्थान के लिए हमें निरंतर कार्य करने की नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है।"
सूत्रों के मुताबिक, यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी, जिसमें देश के वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भाजपा अध्यक्ष को राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचाने पर जोर देने की बात कही।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का व्यक्तित्व हमेशा से ही सादगी और सेवाभाव के लिए जाना जाता है। आदिवासी समुदाय से आने वाली देश की पहली राष्ट्रपति के रूप में उन्होंने देश की राजनीति में एक नई मिसाल कायम की है। उनके सहज स्वभाव से मिलने वाला हर व्यक्ति प्रभावित होता है।
नितिन नवीन ने हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला है। अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी राष्ट्रपति से पहली औपचारिक मुलाकात थी। इससे पहले भी वे संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों में राष्ट्रपति के विचारों से प्रेरणा लेने की बात कहते रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात केवल शिष्टाचार तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में पार्टी के सामाजिक समरसता और जनजातीय कल्याण से जुड़े अभियानों की दिशा भी तय कर सकती है। भाजपा लगातार आदिवासी और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए काम कर रही है और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इस वर्ग की प्रेरणा स्रोत हैं।
इस दौरान नितिन नवीन ने राष्ट्रपति को संगठन की आगामी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया। राष्ट्रपति ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए देशहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
Tags: