पंचतत्व में विलीन हुए नितिन चंद्रकांत देसाई, परिजनों ने नम आंखों से दी विदाई

बड़ी खबर

Update: 2023-08-04 13:50 GMT
नई दिल्ली। 2 अगस्त को कला निर्देशक नितिन चंद्रकांत देसाई ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। इसके बाद आज शुक्रवार को नितिन देसाई, पंचतत्व में विलीन हो गए हैं और नम आंखों से उन्हें विदाई दी गई। नितिन देसाई के आखिरी दर्शन के लिए आमिर खान, संजय लीला भंसाली और एकनाथ शिंदे आदि पहुंचे। सोशल मीडिया पर नितिन देसाई की तस्वीरों को शेयर किया जा रहा है और उन्हें आखिरी श्रद्धांजलि दी जा रही है।बता दें कि नितिन चंद्रकांत देसाई ने मुंबई के नजदीक कर्जत में अपने एनडी स्टूडियो में आत्महत्या की थी। यह स्टूडियो मुंबई से लगभग 50 किलोमीटर दूर रायगढ़ के कर्जत इलाके में है। नितिन की उम्र करीब 58 साल थी। वह अपना ज्यादातर वक्त इसी स्टूडियो में बिताते थे। बताया जा रहा है कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। नितिन के यूं दुनिया को अलविदा कहने से हर कोई हैरान था और सोशल मीडिया पर फैन्स से लेकर सितारों तक ने उन्हें श्रद्धांजलि दी थी।
नितिन देसाई ने 1987 में टीवी शो 'तमस' से अपना करियर शुरू किया था। नितिन देसाई ने कई बॉलीवुड और मराठी फिल्मों के लिए कला निर्देशक और प्रोडक्शन डिजाइनर के रूप में काम किया था। नितिन देसाई का करीब 30 साल का करियर था और उन्होंने विधु विनोद चोपड़ा, संजय लीला भंसाली, राजकुमार हिरानी और आशुतोष गोवारिकर जैसे निर्देशकों के साथ काम किया था, उन्हें 'हम दिल दे चुके सनम', 'जोधा अकबर' और 'प्रेम रतन धन पायो' जैसी फिल्मों में कला निर्देशन के लिए जाना जाता है। उन्हें चार बार बेस्ट आर्ट डायरेक्शन का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। इसके अलावा उन्हें तीन बार फिल्मफेयर बेस्ड आर्ट डायरेक्शन अवॉर्ड भी मिला था।आखिरी बार उन्होंने फिल्म पानीपत के लिए काम किया था।
पिछले हफ्ते एक दिवाला अदालत में दायर दिवाला से संबंधित याचिका के अनुसार, एनडी आर्ट वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड ने अपने वित्तीय कर्जदाता को 252 करोड़ रुपये का ऋण नहीं चुकाया था। नितिन देसाई की कंपनी एनडी आर्ट वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड ने 2016 और 2018 में ईसीएल फाइनेंस से दो ऋणों के माध्यम से 185 करोड़ रुपये उधार लिए थे और पुनर्भुगतान को लेकर परेशानी जनवरी 2020 से शुरू हुई। नितिन देसाई की मौत के एक दिन बाद, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा था कि कर्ज देने वाली एक निजी कंपनी की भूमिका की जांच की जाएगी, जिससे देसाई ने ऋण लिया था। उन्होंने कहा कि जांच में पता लगाया जाएगा कि क्या कंपनी अधिक ब्याज वसूलती थी और क्या देसाई तनाव में थे? गृह विभाग का कार्यभार संभाल रहे फडणवीस ने विधानसभा में कहा कि मुंबई के पास कर्जत में देसाई के एन डी स्टूडियो को कैसे संरक्षित किया जा सकता है या सरकार द्वारा अपने नियंत्रण में लिया जा सकता है, इस संबंध में कानूनी पहलुओं पर विचार किया जाएगा।
Tags:    

Similar News