न्यूज़ क्रेडिट: हिंदुस्तान

पूर्णिया: बिहार समेत देशभर में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को छापेमारी की है। आतंकी मॉड्यूल मामले में पूर्णिया स्थित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के प्रदेश स्तरीय कार्यालय में एनआईए की टीम ने दबिश दी है। सीमांचल के कई अन्य जिलों में भी एनआईए की टीमों द्वारा छापेमारी की सूचना है। बिहार में एनआईए की तीसरी बार रेड पड़ी है। पीएफआई टेरर मामले में केंद्रीय एजेंसी दो बार पहले भी अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर चुकी है।
जानकारी के मुताबिक एनआईए की टीमें देर रात ही अलग-अलग इलाकों में छापेमारी के लिए पहुंच गई। पूर्णिया जिला मुख्यालय के लाइन बाजार राजा बाड़ी स्थित पीएफआई के राज्य स्तरीय कार्यालय में सुबह तीन बजे से एनआईए की टीम के द्वारा छापेमारी की जा रही है। इस छापेमारी का नेतृत्व एनआईए के एसपी के द्वारा किया जा रहा है । 2 दर्जन से अधिक सदस्यों के द्वारा एक एक कुंडली खंगाली जा रही है। अंदर से मेन गेट को बंद कर दिया गया है। बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है । फिलहाल अंदर जांच पड़ताल की जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ देर के बाद एनआईए के एसपी के द्वारा प्रेस को संबोधित कर इसकी विधिवत जानकारी दी जाएगी।
एनआईए और ईडी की टीम ने गुरुवार सुबह देश के 10 से ज्यादा राज्यों में पीएफआई और एसडीपीआई के ठिकानों पर छापेमारी की।पीएफआई के प्रदेश और जिला स्तर के नेताओं को टारगेट किया गया है। इस दौरान 100 से ज्यादा लोगों के गिरफ्तारी की खबर है। बिहार के अलावा, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान समेत अन्य राज्यों में छापा पड़ा है। हालांकि, बिहार से अभी तक किसी के गिरफ्तारी की खबर नहीं है।
बीते जुलाई महीने में पटना के फुलवारी शरीफ में स्थित पीएफआई के दफ्तर से आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ था। पटना पुलिस के मुताबिक पीएएफआई के दफ्तर में प्रशिक्षण के नाम पर हथियारों की ट्रेनिंग दी जा रही थी। युवाओं को हिंसा भड़काने के लिए उकसाया जा रहा था। पीएम नरेंद्र मोदी के पटना दौरे में भी माहौल बिगाड़ने की साजिश थी। इस दौरान जब्त दस्तावेजों से पीएफआई के भारत को 2047 तक इस्लामिक साजिश का भंडाफोड़ हुआ था। इसके बाद ये केस एनआईए को सौंप दिया गया। ईडी भी आतंकी फंडिंग मामले में जांच कर रही है।
Tags: