यूपी। मुरादाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां कटघर थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एनआईए के डिप्टी एसपी की मौत हो गई। जबकि उसके साथ मौजूद महिला घायल हो गई। दुर्घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार पंजाब के मोहाली के रहने वाले NIA के डिप्टी एसपी 32 साल के ईशान मेहरा अपनी महिला मित्र पूनम के साथ बाइक से दिल्ली से बाजपुर की ओर जा रहे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे उनकी बाइक कटघर थाना क्षेत्र के देवापुर गांव के सामने हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान आगे चल रहे कंटेनर में बाइक पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां डॉक्टरों ने ईशान मेहरा को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल पूनम का उपचार जारी है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मृतक ईशान मेहरा दिल्ली एनआईए ऑफिस में डिप्टी एसपी पद पर कार्यरत थे। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद परिजन शव अपने साथ ले गए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।