तमिलनाडु में नई सरकार का गठन, विजय कल सुबह 10 बजे लेंगे शपथ
शपथ ग्रहण की तैयारी पूरी
Tamil Nadu तमिलनाडु: राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी टीवीके (TVK) के नेतृत्व में सरकार गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। वीसीके (VCK) और आईयूएमएल (IUML) ने बिना शर्त समर्थन देते हुए टीवीके को बहुमत के आंकड़े से आगे पहुंचा दिया है।
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है, जबकि अब विजय के पास 120 विधायकों का समर्थन है। टीवीके के 107 विधायक, कांग्रेस के 5, वाम दलों के 4 और वीसीके व आईयूएमएल के 2-2 विधायकों के समर्थन से यह आंकड़ा पूरा हुआ।
शनिवार शाम विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर समर्थन पत्र सौंपा, जिसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार गठन की अनुमति दे दी। इसके साथ ही पिछले चार दिनों से जारी राजनीतिक असमंजस खत्म हो गया। विजय 10 बजे सुबह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह में राहुल गांधी के भी शामिल होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि शपथ का समय ज्योतिषीय सलाह के आधार पर तय किया गया।
हालांकि, शुरुआत में टीवीके के पास बहुमत नहीं था, लेकिन कांग्रेस, वाम दलों और अब वीसीके-आईयूएमएल के समर्थन से स्थिति पूरी तरह बदल गई। वीसीके ने भले ही बाद में सरकार में शामिल होने पर निर्णय की बात कही हो, लेकिन फिलहाल समर्थन दे दिया है। इस राजनीतिक घटनाक्रम के साथ तमिलनाडु में द्रविड़ दलों के लंबे वर्चस्व के बाद नई राजनीतिक दिशा तय होती दिख रही है।