नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शपथ से पहले ही कर लिया बड़ा फैसला...स्पीकर का नाम भी सामने आया
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: बीजेपी विधायक रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुना गया है. वह रामलीला मैदान में आज दोपहर सीएम पद की शपथ लेंगी. यह पार्टी के लिए ऐतिहासिक दिन है क्योंकि बीजेपी 27 साल बाद राजधानी में सत्ता में वापस लौटी है. सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण समारोह से पहले कहा कि मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी.
विजेंद्र गुप्ता को दिल्ली विधानसभा का स्पीकर चुना गया है. वहीं, मोहन सिंह बिष्ट को डिप्टी स्पीकर चुना गया है.
बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली के लिए प्रधानमंत्री मोदी का एक विजन है, हम उस विजन को पूरा करेंगे. आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के लोगों के साथ छल किया था. जनादेश के माध्यम से लोगों ने उन्हें सजा दी है. उनके भ्रष्टाचार की जांच होगी और दोषी पाए जाने पर सजा दी जाएगी. अभी जनता की अदालत में फैसला हुआ है, इसके बाद कानून की अदालत में भी होगा.
बीजेपी नेता कपिल मिश्रा आज दिल्ली कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ लेंगे. मिश्रा ने शपथ से पहले झंडेवालान मंदिर में पूजा अर्चना की.
आज दिल्ली के लिए बड़ा दिन है. रेखा गुप्ता और उनकी कैबिनेट आज पद की शपथ लेंगे. इसे लेकर रामलीला मैदान में खास इतंजाम किए गए हैं. रामलीला मैदान में जिस मंच पर रेखा गुप्ता शपथ लेंगी. उस मंच पर एक बड़ा पोस्ट लगा है, जिस पर लिखा है- विकसित दिल्ली शपथ समारोह. इस पोस्टर पर एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगी है तो दूसरी तरफ रेखा गुप्ता की तस्वीर है. मंच के नीचे आभार दिल्ली लिखा हुआ है.
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी कैबिनेट के सदस्य आज रामलीला मैदान में पद की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह को लेकर रामलीला मैदान के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. नेशनल सिक्योरिटी गार्ड के कमांडोज, दिल्ली पुलिसकर्मिओं और रैपिड एक्शन फोर्स को यहां तैनात किया गया है.
दिल्ली के 6 मंत्री भी लेंगे शपथ
रेखा गुप्ता आज दिल्ली की मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी. उनके साथ कैबिनेट मंत्री के तौर पर छह विधायक भी शपथ लेंगे.
- प्रवेश वर्मा
- मनजिदर सिंह सिरसा
- आशीष सूद
- कपिल मिश्रा
- पंकज सिंह
- रविंद्र इंद्राज सिंह