ट्रंप के समर्थन पर गदगद नेतन्याहू, ईरान को लेकर बड़ा ऐलान
नेतन्याहू बोले- ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे
यरुशलम। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का चुनाव में समर्थन किए जाने के बाद नेतन्याहू ने उनका आभार जताया है। उन्होंने ट्रंप को इजरायल का सबसे बड़ा मित्र बताते हुए कहा कि दोनों देश मिलकर ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे।
ट्रंप के समर्थन पर नेतन्याहू का बड़ा बयान
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने संदेश में कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप, मेरे मित्र डोनाल्ड, आपके असाधारण समर्थन के लिए धन्यवाद। इजरायल को व्हाइट हाउस में आपसे बड़ा मित्र कभी नहीं मिला। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका और इजरायल मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि ईरान का शासन परमाणु हथियार हासिल न कर सके। नेतन्याहू ने ट्रंप की स्पष्ट नीति, साहस और लगातार समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
इजरायल चुनाव से पहले ट्रंप का समर्थन
18 अक्टूबर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के दोबारा चुनाव लड़ने का खुलकर समर्थन किया। ट्रंप ने नेतन्याहू को मजबूत नेता बताते हुए ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के सहयोग की प्रशंसा की। इजरायल में 27 अक्टूबर को संसदीय चुनाव होने हैं।
ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर सख्त रुख
अमेरिका और इजरायल लंबे समय से ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर चिंता जताते रहे हैं। दोनों देशों का कहना है कि ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकना उनकी सुरक्षा नीति की प्राथमिकताओं में शामिल है। वहीं, ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को शांतिपूर्ण उद्देश्यों से जुड़ा बताता रहा है। क्षेत्रीय सुरक्षा और परमाणु गतिविधियों को लेकर तीनों देशों के बीच लंबे समय से मतभेद बने हुए हैं। ट्रंप के चुनावी समर्थन और नेतन्याहू की प्रतिक्रिया ने अमेरिका-इजरायल संबंधों के साथ ईरान नीति को फिर अंतरराष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में ला दिया है।