पटना: बिहार में विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सीट से एनडीए प्रत्याशी और जनता दल (यूनाइटेड) के नेता नीरज कुमार को बुधवार दोपहर पटना स्थित जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई। अस्पताल से बाहर निकलने के बाद उन्होंने अपनी तबीयत को लेकर जानकारी दी और चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मतदाताओं से संपर्क नहीं हो पाने का अफसोस जताया।
नीरज कुमार ने कहा कि पिछले 48 घंटे से वह मतदाताओं से दूर रहे और जनसंपर्क का कोई माध्यम भी उपलब्ध नहीं रहा। उन्होंने बताया कि अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी है। उन्होंने कहा, “हम मतदाताओं से अनुरोध करेंगे कि 48 घंटे तो हम आपसे दूर रहे और जनसंपर्क का कोई माध्यम भी नहीं रहा। अब मैं पूर्णतः स्वस्थ हूं। डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी।”
इससे पहले मंगलवार सुबह नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई थी। जानकारी के अनुसार, उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के बाद पटना के जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया गया। नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना के बाद उनके समर्थकों और राजनीतिक सहयोगियों के बीच चिंता का माहौल बन गया था।
विधान परिषद चुनाव के बीच उनके स्वास्थ्य को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई थी। मंगलवार शाम बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अस्पताल पहुंचे थे और उन्होंने नीरज कुमार के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से उनके इलाज और स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हो रहे चुनाव के लिए बुधवार को प्रचार का अंतिम दिन है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने के कारण पिछले दो दिनों से उनके जनसंपर्क पर विराम लगा हुआ था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने अपनी सेहत को लेकर स्थिति स्पष्ट की और मतदाताओं से संपर्क नहीं हो पाने का उल्लेख किया।