सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक नमकीन फैक्ट्री में आग से लाखों का नुकसान हो गया। बॉयलर फटने के कारण अचानक आग लग गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटे देख इलाके में दहशत फैल गई। धीरे-धीरे आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। भयानक आग की लपटों के साथ आसमान में धुएं का गुबार भी छा गया। दमकल विभाग और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। दमकल की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर मौजूद दमकल विभाग फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहा है।
नमकीन फैक्ट्री में आग की एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर की गई है। इसमें आग का भयावह रूप दिख रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि पूरी फैक्ट्री आग की चपेट में है। एक तरफ से दमकल विभाग आग बुझा रहा है। जहां से आग बुझ रही है वहां से आग का गुबार उठ रहा है। आग की ऊंटी उठती लपटों और धुएं के बीच इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री नारायण टॉकीज के करीब स्थित है। आग की चपेट में लाखों का सामान आ गया। मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा है।
अभी तक किसी भी जनहानी की जानकारी नहीं है। संभावना है कि आग लगने के समय फैक्ट्री में कोई भी मौजूद नहीं था या सही समय पर सब बाहर आ गए। फिलहाल आग बुझाई जा रही है। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं। बताया जा रहा है कि बॉयलर फटने से आग लगी है। दमकल विभाग का कहना है कि आग बुझाने के बाद ही आग से हुए सही नुकसान और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा पाएगा।
Tags: