नफे सिंह हत्याकांड: CBI कर रही सुपारी किलिंग एंगल की जांच

जेल के गैंगस्टरों से हो रही पूछताछ

Update: 2024-02-26 16:51 GMT
हरियाणा। हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या की जांच सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) को सौंपी जाएगी। सोमवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में कांग्रेस ने सरकार से हाईकोर्ट के जज या CBI से जांच कराने की मांग की थी। इस पर गृहमंत्री ने अनिल विज ने जवाब दिया कि हम CBI जांच कराने को तैयार हैं। इसके बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ। हालांकि परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 7 दिन का टाइम भी दिया है। जिसके बाद राठी का बहादुरगढ़ में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उन्हें बड़े बेटे भूपेंद्र राठी ने मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई देने के लिए समर्थकों की भारी भीड रही।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को शक है कि जिस तरह परफेक्ट प्लानिंग से मर्डर किया गया, उसमें किसी गैंग का हाथ हो सकता है। यह कॉन्ट्रैक्ट (सुपारी) किलिंग भी हो सकती है। इसकी जांच के लिए एक टीम गुपचुप तरीके से तिहाड़ जेल में कुछ गैंगस्टरों से पूछताछ करने पहुंची है। दूसरे राज्यों में जाकर भी इसकी जांच की जा रही है। नफे सिंह राठी के हत्या से पहले का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें बदमाश सफेद रंग की कार HR-51BV 1480 में दिख रहे हैं। ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठा हमलावर फोन पर बात करता हुआ दिखाई दे रहा है।
राठी की रविवार, 25 फरवरी की शाम को हत्या कर दी गई थी। राठी बहादुरगढ़ के पास बराही रेलवे फाटक बंद होने की वजह से रुके थे। उसी दौरान I-10 कार में आए हमलावर राठी की फॉर्च्यूनर के पास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने राठी पर 40 से 50 राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद वे सोनीपत की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने राठी के भांजे संजय की शिकायत पर भाजपा के पूर्व MLA नरेश कौशिक, पूर्व चेयरमैन कर्मबीर राठी, पूर्व मंत्री मांगेराम राठी के बेटे सतीश नंबरदार, राहुल, कमल और गौरव के खिलाफ हत्या समेत 8 धाराओं के तहत FIR दर्ज की है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए राठी समर्थकों ने अस्पताल के बाहर रोड जाम भी किया था। धरनास्थल पर इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला भी पहुंचे थे। झज्जर के SP अर्पित जैन ने कहा कि जांच के लिए 2 DSP के नेतृत्व में 5 टीमें बनाई हैं। CIA और STF को भी लगाया है। इस हमले में राठी के साथ पार्टी कार्यकर्ता जयकिशन दलाल की भी मौत हो गई। वहीं भांजे संजय और निजी सुरक्षाकर्मी की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। SP ने कहा कि अभी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। कुछ लोगों को राउंडअप किया है।
Tags:    

Similar News