रहस्यमयी कुआं...पानी में अपने-आप हो रही हलचल, देखने उमड़ी भारी भीड़
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: गुजरात के मोरबी जिले के विपरदा गांव में एक नया खोदा गया कुआं इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है. करीब 18 फीट चौड़े कुएं में पानी लगातार लहरों की तरह ऊपर-नीचे हो रहा है. आसपास के अन्य कुओं का पानी पूरी तरह शांत है. इस अजीब घटना ने स्थानीय लोगों में उत्सुकता और चिंता दोनों पैदा कर दी है.
जिला कलेक्टर ने इसकी वजह पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं. विशेषज्ञ अभी कोई पक्का नतीजा नहीं निकाल पाए हैं और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है. विपरदा गांव में हाल ही में खोदे गए इस कुएं में पानी की लहर जैसी हलचल लगातार दिख रही है. गांव वाले पहले तो हैरान हुए और फिर डरने भी लगे. कई लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए जिससे यह खबर तेजी से फैली. आसपास के कुओं में पानी बिल्कुल स्थिर होने के कारण यह घटना और भी रहस्यमयी लग रही है.
प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया. जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों को जांच करने का निर्देश दिया. अभी तक कोई कारण सामने नहीं आया है इसलिए विशेषज्ञ सलाह दे रहे हैं कि जल्दबाजी में कोई निष्कर्ष न निकाला जाए.
पहली संभावना है कि वहां कोई छोटा भूकंप आया हो या टेक्टोनिक प्लेट में हलचल हुई हो. हालांकि ऐसी कोई आधिकारिक रिपोर्ट अभी उपलब्ध नहीं है. दूसरी वजह बारिश के मौसम से जुड़ी हो सकती है. जब किसी कुएं का कनेक्शन जमीन के अंदर किसी एक्वीफर यानी अंडरग्राउंड रिजरवॉयर से होता है तो एक्वीफर में मौजूद पानी के दबाव से कुएं के पानी में हलचल पैदा हो सकती है.
तीसरी और ज्यादा चिंता वाली संभावना यह है कि यह आने वाले भूकंप का संकेत हो सकता है. लेकिन प्रियदर्शी साफ कहते हैं कि इन तीनों में से कोई भी कारण तभी सही माना जाएगा जब कुएं की सही गहराई और आसपास की भूगर्भीय स्थिति का पूरा पता चल जाए. उन्होंने 2017 से पहले म्यांमार में आए भूकंप के बारे में बताया. इस भूकंप के चलते रांची के कई इलाकों में अंडरग्राउंड ट्यूबवेल और पंप टूट गए थे. जमीन के अंदर पानी के स्रोत खिसक गए थे.
विशेषज्ञ भूमिगत भूजल दबाव, भूगर्भीय गतिविधि या किसी अनोखे एक्वीफर कनेक्शन को संभावित कारण बता रहे हैं. नई खुदाई वाले कुओं में कभी-कभी ऐसी अस्थाई घटनाएं देखने को मिलती हैं जब पानी का स्तर अचानक संतुलित होने की कोशिश करता है.