लातूर: महाराष्ट्र के लातूर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां खेत बेचने को लेकर हुए विवाद ने मां-बेटे की जान ले ली. मामला रेणापुर तहसील के सांगवी गांव का है. यहां के रहने वाले 40 वर्षीय काकासाहेब जाधव आर्थिक तंगी के चलते अपना खेत बेचना चाहते थे. लेकिन उनकी 65 वर्षीय मां समिंद्रबाई वेणुनाथ जाधव इस फैसले का लगातार विरोध कर रही थीं. उनका कहना था कि खेत बिक जाने पर आगे का जीवन यापन मुश्किल हो जाएगा.
पुलिस के मुताबिक, मां-बेटे के बीच इस मुद्दे पर लंबे समय से तनातनी चल रही थी. इसी बीच 7 अगस्त को काकासाहेब ने एक बार फिर खेत बेचने की बात छेड़ी, लेकिन मां के विरोध से वह भड़क गए. गुस्से में आकर उन्होंने अपनी मां का मुंह दबाकर हत्या कर दी. वारदात को छिपाने के लिए काकासाहेब ने मां के शव को अपने ही गन्ने के खेत में दफना दिया.
हत्या के बाद काकासाहेब गहरे मानसिक दबाव में आ गए. डिप्रेशन और अपराधबोध से परेशान होकर उन्होंने उसी दिन पेड़ पर रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस ने मामले में हत्या और आत्महत्या से जुड़े प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है.