लॉ कॉलेज में हत्या LIVE वीडियो...सिर में गोली मारी, खुद को भी शूट कर की जिंदगी खत्म
पढ़ें पूरी स्टोरी.
चंडीगढ़: पंजाब के तरनतारन जिले में स्थित 'पंजाब कॉलेज ऑफ लॉ' में सोमवार की सुबह आम दिनों की तरह ही शुरू हुई थी. छात्र-छात्राएं अपनी पहली क्लास के लिए जुट रहे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले चंद मिनटों में यहां कानून की किताबों के बीच खून की होली खेली जाने वाली है. सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई तस्वीरें रूह कंपा देने वाली हैं.
इसमें एक सनकी छात्र ने सरेआम अपनी क्लासमेट को मौत के घाट उतार दिया और फिर खुद को भी गोली मार ली. कॉलेज के क्लासरूम में लगे सीसीटीवी की घड़ी जब सुबह के 9 बजकर 16 मिनट दिखा रही थी, तब 20 साल का प्रिंस राज नीले रंग का बैग टांगे क्लास में दाखिल हुआ. वहां पहले से मौजूद 19 साल की संदीप कौर अपनी दोस्त के साथ खड़ी थी.
प्रिंस ने अपना बैग उतारा और संदीप के पास जाकर उससे बात करने लगा. कुछ देर की बातचीत के बाद संदीप अपनी सीट पर बैठ गई. प्रिंस ने एक आखिरी बार संदीप से कुछ कहा, लेकिन जैसे ही उसने इनकार में सिर हिलाया, आरोपी ने अपनी जेब से पिस्टल निकाली और बिल्कुल करीब से उसके सिर में गोली दाग दी. वहां मौजूद लोग आवाक रह गए.
इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, प्रिंस ने वही पिस्टल अपनी कनपटी पर रखी और ट्रिगर दबा दिया. महज 10 सेकंड के भीतर दो जिंदगियां क्लासरूम के फर्श पर लहूलुहान पड़ी थीं. संदीप की मौके पर ही मौत हो गई. इस खौफनाक वारदात के पीछे की कहानी 'प्रपोज डे' से जुड़ी है. 8 फरवरी को प्रपोज डे के दिन प्रिंस ने संदीप को फोन कर अपने प्यार का इजहार किया था.
संदीप ने साफ तौर पर उसे मना कर दिया. यह पहली बार नहीं था, प्रिंस पिछले एक साल से संदीप के पीछे पड़ा था. हाल ही में जब संदीप की सगाई तय हुई, तो उसका पागलपन इस कदर बढ़ गया कि वह उसके घर तक पहुंच गया था, जहां घरवालों ने उसे डांटकर भगा दिया था. रविवार के इनकार ने उसको इस कदर बदला लेने पर मजबूर कर दिया.
वो सोमवार को अपने बैग में फौजी पिता की लाइसेंसी पिस्टल छिपाकर कॉलेज पहुंच गया. इस वारदात ने 19 साल की संदीप कौर के परिवार को उजाड़ दिया है. तरनतारन के नौशेरा पन्नूआन गांव की रहने वाली संदीप के पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी. 7 भाई-बहनों (6 बहनें और 1 भाई) में सबसे बड़ी संदीप अपनी मां के लिए सहारा बनने के सपने देख रही थी.
वह लॉ की पढ़ाई कर वकील बनना चाहती थी. वो अपने परिवार की गरीबी दूर करना चाहती थी. वहीं, आरोपी छात्र प्रिंस राज मलियान गांव का रहने वाला था. उसके पिता पैरामिलिट्री फोर्स (CRPF) से रिटायर हुए हैं. यह सनसनीखेज वारदात न सिर्फ एक सनकी आशिक की दास्तान है, बल्कि कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवालिया निशान है.
सवाल यह है कि एक छात्र अपने बैग में लोडेड पिस्टल लेकर क्लासरूम के अंदर तक कैसे पहुंच गया? क्या कॉलेज के गेट पर किसी तरह की चेकिंग नहीं होती थी? फिलहाल पुलिस ने प्रिंस के पिता की रिवॉल्वर जब्त कर ली है. इस मामले की जांच में जुटी है. लेकिन इस 'खूनी प्रपोज' ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि एकतरफा प्यार का जुनून किस कदर जानलेवा हो सकता है.