पुडुचेरी। पुलिस ने पब के छह कर्मचारियों को गिरफ्तार किया, जहाँ तमिलनाडु के शिवगंगा निवासी 22 वर्षीय एक व्यक्ति की झगड़े के बाद हत्या कर दी गई थी। पुलिस के एक बयान के अनुसार, रविवार को एक समूह अपने एक सदस्य का जन्मदिन मनाने के लिए पब गया था और पब के कुछ कर्मचारियों के साथ उनकी कहासुनी हो गई।
एक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि झगड़े के दौरान एक कर्मचारी ने एक ग्राहक पर चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। समूह के एक अन्य सदस्य पर डंडे और बर्तनों से हमला किया गया। चाकू लगने से घायल व्यक्ति की सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
ग्रैंड बाजार थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए छह लोगों में पब का मालिक भी शामिल है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस उप महानिरीक्षक सत्यसुंदरम और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कानून व्यवस्था) आर कलैवानन के निर्देशों के तहत हत्या की जाँच तेज़ी से आगे बढ़ रही है। इसमें कहा गया है कि मौत के सिलसिले में वांछित पाँच और लोगों का पता लगाने के लिए एक विशेष जाँच दल का भी गठन किया गया है।
इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने जाँच सीबीआई को सौंपने की माँग की। उन्होंने कहा कि पुडुचेरी में "रेस्टो बार" के नाम पर पब एक समस्या बन गए हैं। उन्होंने कहा कि यह विश्वास करना मुश्किल है कि पुडुचेरी में रिहायशी इलाकों और स्कूलों व धार्मिक संस्थानों के आस-पास पब के लाइसेंस दिए गए हैं।