मर्डर केस का आरोपी गिरफ्तार, शराब पीने के दौरान साथी कर्मचारी ने घोंप दी थी कैंची
फैली सनसनी.
नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले की गांधी नगर थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले को एफआईआर दर्ज होने के मात्र आठ घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सनी कैंची और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 5 जून को डॉ. हेडगेवार अस्पताल से सूचना मिली थी कि कृष्ण कुमार नामक एक व्यक्ति को चाकू लगने से घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन घायल कृष्ण कुमार अपनी स्थिति के कारण घटना के बारे में कुछ भी बताने या हमलावर की पहचान करने में असमर्थ था। बाद में वह मेडिकल स्टाफ को बिना सूचना दिए अस्पताल से चला गया और पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने पर भी किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया।
अगले दिन 6 जून को जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली कि कृष्ण कुमार की चोटों के कारण मौत हो गई है। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या के एंगल से जांच शुरू की गई। इंस्पेक्टर राज कुमार (एसएचओ), इंस्पेक्टर रॉबिन सिंह, एसआई विकास कुमार, हेड कांस्टेबल राहुल चौधरी और हेड कांस्टेबल अमन बंसल की टीम का गठन किया गया, जो एसीपी गांधी नगर मनस्वी वशिष्ठ के मार्गदर्शन और डीसीपी शाहदरा राजेंद्र प्रसाद मीणा की निगरानी में काम कर रही थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गांधी नगर के रघुवरपुरा-2 स्थित एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करता था। फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ में सामने आया कि 4 जून की रात फैक्ट्री परिसर में कुछ कर्मचारी शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनके बीच विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़े के दौरान अरवाज नामक कर्मचारी ने पहले टाइगर नाम के कर्मचारी पर हमला किया और बाद में कृष्ण कुमार को कैंची घोंप दी। गंभीर रूप से घायल कृष्ण कुमार की बाद में मौत हो गई।
पुलिस ने चश्मदीदों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 7 जून को गांधी नगर थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत एफआईआर संख्या 216/2026 दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के आठ घंटे के भीतर 27 वर्षीय आरोपी अरवाज़ को दिल्ली के उत्तम नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कैंची और उसके खून से सने कपड़े बरामद किए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी वर्ष 2019 में संगम विहार थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में शामिल रह चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।