जनता से रिश्ता वेबडेसक| मध्य प्रदेश में पुलिस में सेवा दे रहे पुलिसकर्मियों के लिए एक अच्छी खबर है कि उन्हें जल्दी ही वीकली ऑफ (साप्ताहिक अवकाश) मिलने लगेगा। इस बात की जानकारी सूबे के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सोशल मीडिया पर दी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सरकार विधानसभा के अगले सत्र में विधिवत प्रस्ताव लेकर आएगी।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने लिखा है कि देश में कोरोना के चलते लॉकडाउन लगा रहा। वहीं, कोरोना के संकंट में लॉकडाउन के दौरान पुलिस ने सेवा की मिसाल पेश की है। साथ ही पुलिसकर्मियों को भी अपनी सेहत और परिवार का ध्यान रखने के लिए साप्ताहिक अवकाश मिलना चाहिए। जब लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए थे, तब उस समय पुलिस के जवान बिना किसी चीज़ की परवाह किए हर एक चौराहों पर मुस्तैद थे। उनकी सेवाएं वंदनीय रही हैं।
वहीं, इस सन्दर्भ में आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि, प्रदेश में फील्ड में तैनात करीब 56 हजार पुलिस कर्मियों में से रोजाना 8 हजार का स्टॉफ साप्ताहिक अवकाश पर रहेगा। भोपाल में पदस्थ करीब 4500 पर 650 पुलिसकर्मी रोजाना अवकाश पर रहेंगे। यानी सरकार यदि अवकाश देती है तो राज्य में करीब 8 हजार पुलिस कर्मियों की व्यवस्था भी करनी होगी।
हालांकि, प्रदेश में 4 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे पुलिस पर ज्यादा काम करने का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा। साथ ही पुलिस मुख्यालय द्वारा इस बात पर भी विचार किया जा रहा है कि पुलिस कर्मचारियों के लिए आपात परिस्थितियों में अवकाश उपयोग नहीं करने पर क्षतिपूर्ति की व्यवस्था कैसे की जा सकती है।
आपको बता दें कि, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जनवरी 2018 में कहा था कि पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश दिए जाने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। हालांकि शुरुआत में कुछ थानों में यह व्यवस्था शुरू भी की गई, लेकिन फोर्स की कमी के कारण इसे रोकना पड़ा था।