मां ने पड़ोस के दो सगे भाइयों पर बेटी के अपहरण का लगाया आरोप, लेकिन जब सच्चाई आई सामने तो सभी के उड़ गए होश
कोतवाली में पहुंचकर बवाल काट दिया.
DEMO PIC
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां एक मां ने अपनी ही आठ साल की मासूम बेटी का अपहरण करवा दिया. उसने पड़ोस के दो सगे भाइयो के ऊपर बेटी का अपहरण करने का आरोप लगा शिकायत की. लेकिन इस पूरे मामले का जल्द ही खुलासा हो गया.
दरअसल, यह मामला फतेहपुर के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जहानपुर मोहल्ले का है, यहां चार दिन पहले एक आठ साल की बच्ची को उसकी मां ने छिपा दिया और पड़ोस के दो युवकों, सांतनु और ऋषभ के ऊपर बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाकर कोतवाली में पहुंचकर बवाल काट दिया. इसके बाद पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई.
पुलिस ने जब दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन दोनों ने बताया कि उन्हें बच्ची के अपहरण के बारे में कोई जानकारी नहीं है, उन्हें सिर्फ इतना पता है कि बच्ची ने मेरे यहां से कुछ चोरी कर लिया था और उसकी मां से हमने उसकी शिकायत कर दी है. उन दोनों ने कहा कि जमीनी रंजिश के चलते उन्हें फंसाया जा रहा है.
इसी बीच पुलिस ने बच्ची की मां और अन्य लोगों के फोन कॉल को सर्विलांस पर लगाकर उसकी हिस्ट्री निकलाई तो मामला धीरे-धीरे खुलने लगा. बच्ची को कानपुर से बरामद किया गया. और बच्ची ने भी सारी कहानी पुलिस को बता दी.
इसके बाद पुलिस ने महिला और उसके एक अन्य पड़ोसी विशाल को गिरफ्तार कर लिया है. विशाल इस पूरे मामले में महिला के साथ था. यह भी बताया जा रहा है कि विशाल का उन दोनों पड़ोसियों के साथ जमीनी विवाद चल रहा है इसलिए उनके ऊपर अपहरण का आरोप लगा दिया. बिंदकी के डीएसपी योगेंद्र मालिक ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.