बुलंदशहर। अगर किसी ने आपसे कहा कि बुलंदशहर में आसमान से 500-500 रुपये के नोट बरसने लगे, तो शायद आप यकीन नहीं करेंगे. लेकिन शनिवार को कचहरी परिसर के पास कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. सड़क पर खड़े लोग अचानक हवा में उड़ते नोटों को देखकर हैरान रह गए. कोई नोट पकड़ने दौड़ा, तो कोई मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगा. 53 सेकेंड का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है. लेकिन इस वायरल वीडियो की कहानी सिर्फ नोटों की बारिश की नहीं, बल्कि एक ऐसे बंदर की भी है, जिसने कुछ मिनटों के लिए यह तमाशा बना दिया.
शनिवार को एक युवक जमीन का बैनामा कराने के लिए बुलंदशहर कचहरी परिसर पहुंचा था. उसके पास करीब 2 लाख रुपये कैश थे, जो एक थैले में रखे हुए थे. कामकाज के बीच वह अधिवक्ता के चेंबर से निकलकर स्टांप वेंडर की तरफ जा रहा था. तभी एक बंदर की नजर युवक के थैले पर पड़ गई. शायद बंदर को लगा कि थैले में खाने-पीने का सामान होगा. उसने बिना वक्त गंवाए झपट्टा मारा और थैला लेकर पास के एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया. नीचे खड़ा युवक कुछ समझ पाता, उससे पहले उसका 2 लाख रुपये वाला बैग बंदर के कब्जे में जा चुका था.
पेड़ की ऊंची डाल पर पहुंचकर बंदर ने थैला खोला. लेकिन अंदर जो निकला, वह उसकी उम्मीदों से बिल्कुल अलग था. खाने का सामान नहीं, बल्कि 500-500 रुपये की गड्डियां. बस फिर क्या था. उसने एक-एक कर नोट निकालने शुरू किए और उन्हें हवा में उछालना शुरू कर दिया.
कुछ नोट नीचे गिर रहे थे, कुछ हवा में उड़ रहे थे और कुछ दूर तक बिखर रहे थे. नीचे मौजूद लोगों को पहले तो समझ ही नहीं आया कि हो क्या रहा है. लेकिन जैसे ही पता चला कि हवा में 500 के नोट उड़ रहे हैं, वहां हलचल मच गई. वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग नोट इकट्ठे कर रहे हैं. कुछ इस पूरे नजारे का वीडियो बनाने में जुट गए. देखते ही देखते कचहरी परिसर के बाहर भीड़ जमा हो गई.