Noida नोएडा: नोएडा के थाना फेस-2 की पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी और स्नैचिंग करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नैचिंग किए गए विभिन्न कंपनियों के 21 मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी भीड़भाड़ वाले स्थानों और बाजारों में लोगों को निशाना बनाते थे। इसके अलावा कंपनियों से काम करके लौट रहे कर्मचारियों और मजदूरों से रास्ते में मोबाइल फोन स्नैच करने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 को थाना फेस-2 पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को ककराला पुस्ता तिराहा के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन पुत्र धर्मपाल और विपिन पुत्र कमल के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मिलकर भीड़भाड़ वाले स्थानों और बाजारों में मोबाइल फोन चोरी करते थे। इसके अलावा नोएडा में कंपनियों से काम करके लौटने वाले कर्मचारियों और लेबरों को रास्ते में रोककर उनके मोबाइल फोन स्नैच कर लेते थे। आरोपियों के पास जब चोरी और छीने गए मोबाइल फोन की संख्या अधिक हो जाती थी तो वे उन्हें बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 21 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके साथ ही दोनों के पास से दो अवैध चाकू भी मिले हैं। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिल को आरोपियों ने मिलकर सेक्टर-10, नोएडा से चोरी किया था।
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है कि ये फोन किन-किन घटनाओं में चोरी या स्नैच किए गए था। गिरफ्तार आरोपी विपिन, निवासी ग्राम मोरना, सेक्टर-35, थाना सेक्टर-24, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 28 वर्ष, का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना बीटा-2, सेक्टर-24, सेक्टर-39, सेक्टर-58 और फेस-2 में पुराने मामले दर्ज हैं। वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ थाना सेक्टर-24 में आर्म्स एक्ट तथा थाना फेस-2 में बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
वहीं, दूसरा आरोपी सचिन, निवासी पीतल नगरी, थाना बिलारी, जनपद मुरादाबाद और वर्तमान में ग्राम सोरखा, थाना सेक्टर-113, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 19 वर्ष है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सचिन के खिलाफ थाना सेक्टर-49 में चोरी और बरामदगी से संबंधित बीएनएस की धाराओं में दो मुकदमे, थाना सेक्टर-24 में आबकारी अधिनियम का एक मामला तथा थाना फेस-2 में बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मोबाइल स्नैचिंग की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान और उनसे संबंधित मुकदमों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चोरी और स्नैचिंग किए गए मोबाइल फोन किसे बेचते थे और इस नेटवर्क में उनके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
Tags: