Navi Mumbai. नवी मुंबई। नवी मुंबई में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसमें एक 35 वर्षीय स्कूल टीचर को एक नाबालिग छात्र के साथ यौन रूप से आपत्तिजनक हरकतें करने और अश्लील वीडियो कॉल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला टीचर पर POCSO (Protection of Children from Sexual Offences) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या है मामला
एडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी टीचर लंबे समय से छात्र को इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज भेज रही थी। शुरू में बातचीत सामान्य रही, लेकिन कुछ ही दिनों में टीचर ने छात्र को अश्लील इमेज और अशोभनीय टेक्स्ट भेजने शुरू कर दिए। धीरे-धीरे उसने वीडियो कॉल करना शुरू किया और उन कॉल्स में वह बेहद आपत्तिजनक स्थिति में, कम कपड़ों में नजर आती थी। ये कॉल्स कई दिनों तक चले और छात्र मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया। आखिरकार उसने अपनी इस पीड़ा को अपने माता-पिता से साझा किया।
पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
नाबालिग छात्र के पिता ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने FIR में स्पष्ट रूप से बताया कि टीचर की इन हरकतों का बच्चे की मानसिक स्थिति पर गहरा नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। इसके बाद मुंबई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया।
डिजिटल सबूत जुटाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी टीचर का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसमें मौजूद चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड्स और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी महिला का ऐसा कोई पुराना रिकॉर्ड है या यह उसकी पहली हरकत थी। साइबर क्राइम यूनिट भी इस केस में शामिल की गई है ताकि सोशल मीडिया अकाउंट्स से विस्तृत डेटा निकाला जा सके। यदि यह सामने आता है कि और बच्चों के साथ भी इसी तरह की हरकतें हुई हैं, तो केस और गंभीर हो सकता है।
पहले भी सामने आए हैं ऐसे मामले
मुंबई में यह अपनी तरह का पहला मामला नहीं है। इससे पहले एक अन्य प्रतिष्ठित स्कूल की 40 वर्षीय महिला टीचर को 16 वर्षीय छात्र के यौन उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह महिला टीचर शादीशुदा थी और उसने स्वीकार किया था कि उसे वह छात्र बेहद पसंद था। पीड़ित छात्र उस टीचर से दूरी बनाकर रखता था, लेकिन महिला ने उस छात्र की एक करीबी महिला मित्र से संपर्क किया। उस लड़की ने छात्र को यह कहकर गुमराह किया कि “बड़ी औरतों और किशोर लड़कों के बीच इस तरह के रिश्ते अब आम हो गए हैं।” बाद में जब मामला सामने आया, तो पुलिस ने न सिर्फ टीचर को गिरफ्तार किया, बल्कि उस लड़की के खिलाफ भी कार्रवाई की जिसने नाबालिग को मानसिक रूप से प्रभावित किया।
Tags: