Ghumarwin. घुमारवीं। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान और पांच टॉपरों को इसरो भ्रमण की सौगात। मिनर्वा स्टडी सर्कल घुमारवीं की ओर से आयोजित हिम क्वेस्ट टैलेंट सर्च एग्जाम-2026 का शिखर सम्मान समारोह 26 अक्तूबर सोमवार को एनआईटी हमीरपुर के ऑडिटोरियम में होगा। सुबह 11 बजे शुरू होने वाले समारोह में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और प्रदेशभर के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। हिम क्वेस्ट परीक्षा में पांच विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है।
जमा दो में क्रितिश कुमार, जमा एक में संकेत धीमान, आठवीं में आरवी भाटिया, नौवीं में साई अचिंत्य गुलेरिया और दसवीं में आस्था शर्मा ने प्रदेश में टॉप किया है। प्रथम स्थान हासिल करने वाले पांचों विद्यार्थियों को इसरो भ्रमण के साथ ट्यूशन फीस पर 100 फीसदी छात्रवृत्ति दी जाएगी। दूसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप और 75 फीसदी, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वालों को टैबलेट और 50 फीसदी छात्रवृत्ति मिलेगी। परीक्षा में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। समारोह में प्रदेश के प्रत्येक जिला के हर कक्षा के टॉपर को भी संस्थान की ओर छात्रवृत्ति और आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।