मेट्रो स्टेशन बंद, CJP प्रोटेस्ट के चलते निर्णय

Update: 2026-07-23 02:27 GMT

दिल्ली। दिल्ली में CJP के 'चलो संसद' प्रदर्शन और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बुधवार को भी 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का ऐलान किया है. DMRC के मुताबिक ये स्टेशन सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक यात्रियों के लिए बंद रहेंगे.

हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह होगी. यानी यात्री इन स्टेशनों पर ट्रेन बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की इजाजत नहीं होगी. DMRC के मुताबिक, जिन 16 स्टेशनों को बंद रखा गया है, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं.

मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर जांच लें और वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें. राजधानी दिल्ली में CJP के आंदोलन और संसद के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने कई इलाकों में बैरिकेडिंग की है. सीजेपी के प्रदर्शनकारी भी मेट्रो स्टेशनों पर देखे गए थे. इसी वजह से मेट्रो सेवाओं पर भी असर पड़ा है. संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती बढ़ा दी गई है और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. DMRC ने कहा है कि हालात की लगातार समीक्षा की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियों से मिले निर्देशों के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे DMRC के आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखें.

CJP के प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था आज भी प्रभावित रह सकता है. इसे लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर रखी है और लोगों से जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की है. एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों की तरफ जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले घर से निकलें. साथ ही मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, सिर्फ निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें, सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचें ताकि यातायात बाधित न हो, और रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए नेविगेशन ऐप का इस्तेमाल करते हुए प्रभावित मार्गों से बचें.

Tags:    

Similar News