Noida नोएडा: नोएडा के बरौला इलाके में असम की रहने वाली युवती महक अहमद की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जिस रमन राज को नोएडा पुलिस महक की हत्या के मामले में तलाश कर रही थी, वह करीब एक हजार किलोमीटर दूर बिहार के कटिहार में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हैरानी की बात यह है कि कटिहार पुलिस ने उसे हत्या के मामले में नहीं, बल्कि शराब की पांच बोतलों के साथ गिरफ्तार किया। अब नोएडा पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर हत्याकांड का राज जानने की तैयारी कर रही है। मामला नोएडा के बरौला इलाके की एक किराए की बिल्डिंग से जुड़ा है। असम की रहने वाली महक अहमद अपनी सहेली के साथ इसी बिल्डिंग के कमरा नंबर 13 में रहती थी। उसी फ्लोर पर कमरा नंबर 23 में बिहार के कटिहार का रहने वाला रमन राज रहता था। बताया जा रहा है कि महक और रमन एक-दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच दोस्ती थी।
महक की सहेली के मुताबिक 7 और 8 अगस्त की दरम्यानी रात महक को रमन के साथ बालकनी में देखा गया था। आरोप है कि दोनों वहां शराब पी रहे थे और उनके पास पानी की बोतल तथा चिप्स भी थे। कुछ देर बातचीत करने के बाद दोनों कमरे के अंदर चले गए। अगली सुबह महक अपने कमरे में नहीं मिली। सहेली ने उसे फोन करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद था। इसके बाद वह रमन के कमरे के पास पहुंची तो वहां ताला लगा मिला और रमन का फोन भी बंद था। संदेह होने पर बिल्डिंग मालिक सार्थक बंसल को सूचना दी गई। केयरटेकर ने कमरे का ताला तोड़ा तो अंदर महक का शव पड़ा मिला। शव खून से लथपथ था और कमरे में तेज दुर्गंध आने की बात भी सामने आई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। महक की सहेली और अन्य लोगों से पूछताछ के बाद रमन पर संदेह गहराया। सेक्टर-49 थाने में 10 अगस्त को हत्या का मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने रमन की तलाश शुरू की, लेकिन वह तब तक नोएडा छोड़कर कटिहार पहुंच चुका था। इसी बीच बिहार में शराबबंदी के तहत कार्रवाई कर रही कटिहार नगर थाना पुलिस ने फुलवारी काली मंदिर पोखर के पास रमन राज को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक उसके पास से पांच बोतल शराब मिलीं। शराब मामले में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
नोएडा पुलिस को बाद में जानकारी मिली कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी कटिहार में गिरफ्तार हो चुका है। इसके बाद नोएडा पुलिस की टीम कटिहार पहुंची। रमन पहले से न्यायिक हिरासत में होने के कारण उसे निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत ही नोएडा लाया जा सकेगा। पुलिस अब अदालत से आवश्यक अनुमति और रिमांड की प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। कटिहार के डीएसपी विशाल आनंद के मुताबिक रमन को शराब के मामले में गिरफ्तार किया गया है और वह नोएडा में हुई महिला की हत्या के मामले में भी आरोपी है। नोएडा पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाना चाहती है कि उस रात कमरे में आखिर क्या हुआ था और महक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
Tags: