MCD के JE अनुज कुमार सस्पेंड, ड्यूटी में लापरवाही पर निगम की बड़ी कार्रवाई
Delhi दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में साउथ ईस्ट (सेंट्रल) जोन में तैनात जूनियर इंजीनियर (JE) अनुज कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निगम ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में साउथ ईस्ट (सेंट्रल) जोन के डिप्टी कमिश्नर की ओर से सोमवार को ऑफिस ऑर्डर जारी किया गया। जारी आदेश में कहा गया है कि अनुज कुमार को उनके कार्य में लापरवाही के कारण तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाता है। निलंबन अवधि के दौरान वह नियमों के अनुसार निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) पाने के अधिकारी होंगे। हालांकि, उन्हें सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना दिल्ली से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।
आदेश के अनुसार, JE (M)-IV अनुज कुमार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का प्रस्ताव है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय साउथ ईस्ट (सेंट्रल) जोन के EE (M)-IV का कार्यालय रहेगा। यह कार्रवाई साउथ ईस्ट जोन के डिप्टी कमिश्नर डॉ. सचिन गुप्ता (IPS) के आदेश पर की गई है। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों और दिल्ली नगर निगम आयुक्त के निजी सचिव को भी भेजी गई है।
महरौली हादसे के बाद भी हुई थी कार्रवाई
दिल्ली नगर निगम इससे पहले भी लापरवाही के मामलों में अधिकारियों पर कार्रवाई कर चुका है। महरौली में हुए बिल्डिंग हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर MCD के बिल्डिंग विभाग-2 में तैनात सहायक अभियंता (AE) सुदेश सिंह चौहान और जूनियर इंजीनियर (JE) अमन जैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था। नगर निगम की ओर से लगातार यह संदेश दिया जा रहा है कि निर्माण कार्यों, अवैध निर्माण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जलभराव मुद्दे पर AAP पार्षदों का प्रदर्शन
वहीं, सोमवार को दिल्ली नगर निगम सदन की बैठक में आम आदमी पार्टी (AAP) पार्षदों ने बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कई पार्षद प्रतीकात्मक रूप से नाव लेकर सदन की कार्यवाही में पहुंचे और नारेबाजी की। AAP पार्षदों ने दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति को लेकर निगम प्रशासन पर सवाल उठाए। विरोध के कारण कुछ समय के लिए सदन का माहौल हंगामेदार हो गया। हालांकि, बाद में सदन में मौजूद अधिकारियों ने नियमों का हवाला देते हुए पार्षदों से इस तरह का प्रदर्शन नहीं करने की अपील की। MCD की इस कार्रवाई को निगम कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच जिम्मेदारी तय करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अब अनुज कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विभागीय जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।