MBBS छात्रा ने की आत्महत्या, खिड़की से झांकते ही सुरक्षाकर्मियों के उड़े होश
जांच जारी.
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में सोमवार रात एमबीबीएस फाइनल ईयर की 24 वर्षीय छात्रा शगुन सैनी ने आत्महत्या कर ली. हरियाणा के कैथल की रहने वाली शगुन 2023 बैच की छात्रा थी. हॉस्टल के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर सुरक्षा कर्मियों ने खिड़की से शव लटका देखा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. अभी तक आत्महत्या के स्पष्ट कारणों की कोई जानकारी सामने नहीं आ पाई है, और पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम मामले की जांच-पड़ताल कर रही है.
पूरा मामला जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र स्थित बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज का है, जहां सोमवार रात को जानकारी मिली कि काफी समय से छात्रा शगुन सैनी के कमरे का गेट अंदर से बंद है. किसी प्रकार की हलचल न होने पर हॉस्टल के सुरक्षा कर्मियों ने जब पीछे की खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो उनके होश उड़ गए. छात्रा का शव पंखे से लटका हुआ था. इसके बाद तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, जिससे कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने चप्पे-चप्पे की बारीकी से जांच-पड़ताल की और कमरे का दरवाजा तोड़कर छात्रा के शव को फंदे से नीचे उतरवाया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में छात्रा ने इतना बड़ा कदम उठाया, क्योंकि फिलहाल आत्महत्या के कोई ठोस कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका शगुन सैनी मूल रूप से हरियाणा के कैथल जिले की रहने वाली थीं और बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में 2023 बैच की एमबीबीएस छात्रा थीं. इस दुखद घटना के सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन और छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से संपर्क कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.