सपने में माता रानी ने दिए दर्शन, जिंदा समाधि लेने चली महिला, दो गिरफ्तार
जिंदा समाधि लेने की तैयारी, पुलिस ने पति और पुजारी पर की कार्रवाई
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक महिला के जिंदा समाधि लेने की तैयारी करने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। महिला का दावा था कि सपने में माता रानी ने उसे दर्शन दिए और समाधि लेने के लिए कहा। इसके बाद महिला ने मंदिर परिसर में गड्ढा खुदवाकर समाधि लेने की तैयारी शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को ऐसा करने से रोक दिया और गड्ढे को पाट दिया।
सपने में माता रानी के दर्शन होने का किया दावा
मामला रामपुर जिले के शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के भुड़ासी गांव स्थित खेरो वाले मंदिर का है। यहां रहने वाले नंद किशोर की पत्नी लीलावती ने मंदिर परिसर में एक मूर्ति की स्थापना कराई थी। महिला ने दावा किया कि माता रानी ने सपने में उसे दर्शन दिए और समाधि लेने का निर्देश दिया। इसी विश्वास के चलते उसने मंदिर परिसर में गड्ढा खुदवाया और समाधि लेने की तैयारी करने लगी। इस घटना की जानकारी गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचने लगे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रोकी महिला
सूचना मिलते ही शाहबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समाधि लेने से रोक दिया। पुलिस महिला को कोतवाली लेकर गई, जहां महिला पुलिसकर्मियों ने मिशन शक्ति अभियान के तहत उसकी काउंसलिंग की। पुलिसकर्मियों ने लीलावती को समझाया कि इस तरह का कदम उसके जीवन के लिए खतरनाक हो सकता है। उसे पूजा-पाठ तक सीमित रहने और समाधि लेने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी गई। काउंसलिंग के बाद महिला ने आश्वासन दिया कि वह दोबारा ऐसा प्रयास नहीं करेगी।
पति और पुजारी समेत चार लोगों पर कार्रवाई
मामले में पुलिस ने महिला के पति नंद किशोर और मंदिर के पुजारी समेत चार लोगों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की है। पुलिस ने मंदिर परिसर में खोदे गए गड्ढे को भी भरवा दिया, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो सके।
मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात
घटना के अगले दिन भी मामला चर्चा में रहने के कारण पुलिस ने मंदिर परिसर में निगरानी बढ़ा दी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को धार्मिक मान्यताओं के नाम पर अपनी जान जोखिम में डालने की अनुमति नहीं दी जा सकती। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।