पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में सोमवार की सुबह एक भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। मामुर्डी स्थित एक बंद किराना गोदाम में तड़के 5:00 बजे भीषण आग लग गई। आग लगने से आसपास अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोग सहम गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह से नष्ट हो गया। फायर ब्रिगेड के अधिकारी आग लगने के कारण की जांच कर रहे हैं।
मौके पर पहुंचे एक दमकलकर्मी ने न्यूज एजेंसी से बातचीत में बताया, "सुबह करीब 5 बजे हमें मुख्य थाने से सूचना मिली कि एक किराने की दुकान में आग लग गई है। दमकल गाड़ी तुरंत मौके पर भेजी गई। मौके पर पहुंचने पर हमने देखा कि पूरी किराने की दुकान आग की चपेट में थी। दुकान में छह शटर थे, सभी बंद थे और आग से पूरी तरह लाल हो चुके थे। इसलिए आग बुझाने में शुरुआत में थोड़ी दिक्कत हुई। हमने एक-एक शटर खोल कर अंदर की आग बुझाई है। दुकान के अंदर 50-60 तेल के डब्बे उबल रहे थे, जो फूट जाते तो दिक्कत हो सकती थी। इसलिए बड़ी सावधानी से आग बुझाई गई, जिससे आगे न फैल पाए। फिलहाल आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, जांच की जा रही है।"
गौरतलब है कि पुणे के ऐतिहासिक शनिवारवाड़ा इलाके में 12 मार्च को भी आग लग गई थी। शनिवारवाड़ा के मुख्य गेट के पास जमा कचरे और सूखी लकड़ियों में आग लग गई थी, जो देखते ही देखते तेजी फैल गई और धुआं आस-पास के इलाके में दिखाई देने लगा। आग की लपटें और धुआं देखकर स्थानीय लोग सहम गए थे। वहीं, सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।