थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य घायल हो गए. बैंकॉक के गवर्नर ने बताया कि पब में लगी आग में घायल 63 में से 22 लोगों की हालत गंभीर है. अधिकारियों के मुताबिक आग आधी रात के करीब शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित एक एंटरटेनमेंट वेन्यू में लगी. देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घटनास्थल पर पहुंचे थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की. उन्होंने कहा, 'अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों और बचावकर्मियों के मुताबिक, आग लगने की सूचना आधी रात से कुछ पहले मिली थी. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पब के मेन एंट्रेंस गेट पर तेज लपटें उठती दिखाई दीं, जबकि अंदर मौजूद लोग जान बचाने के लिए बाहर भागते नजर आए.
स्थानीय मीडिया के अनुसार, चतुचक (Chatuchak) जिले में स्थित 'रोंग बीयर ना लाट फ्राओ' (Rong Beer Na Lat Phrao) नाम का यह पब कुछ ही मिनटों में पूरी तरह आग की चपेट में आ गया. बचाव दल ने शुरुआत में एक झुलसे हुए व्यक्ति को बाहर निकाला, लेकिन बाद में पता चला कि कई लोग इमारत के अंदर फंस गए थे.
मृतकों में बड़ी संख्या उन लोगों की बताई जा रही है, जिनके शव टॉयलेट के अंदर मिले. फायर डिपार्टमेंट की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और पानी की बौछार कर करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.