VIDEO: कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 4 लोग बुरी तरह झुलसे, 50 प्रतिशत तक जले शरीर
आग में चार लोग झुलसे, अस्पताल में इलाज जारी
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के साकीनाका इलाके में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। खैरानी रोड स्थित अब्दू रशीद कंपाउंड में कबाड़ के गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मुंबई अग्निशमन दल ने घटना को लेवल-2 श्रेणी की आग घोषित किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6 बजकर 18 मिनट पर अग्निशमन विभाग को गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मुंबई अग्निशमन दल की गाड़ियां मौके पर रवाना हुईं। आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, अदाणी की टीम, 108 एंबुलेंस सेवा और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के वार्ड कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
आग में चार लोग झुलसे, अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में चार लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। राजावाड़ी अस्पताल से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घायलों के शरीर का लगभग 40 से 50 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है। हालांकि, घायलों की पहचान और उनकी स्वास्थ्य स्थिति से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
लेवल-2 श्रेणी की घोषित हुई आग
अग्निशमन विभाग ने आग की गंभीरता को देखते हुए इसे लेवल-2 श्रेणी में रखा है। घटनास्थल पर दमकलकर्मियों और अन्य संबंधित एजेंसियों को तैनात किया गया। फिलहाल गोदाम में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि आग लगने के समय गोदाम में कितने लोग मौजूद थे। घटना के बाद प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।