एक से ज्यादा बीवी रखने का झमेला, तगड़ा फंसा शख्स

पढ़े पूरी खबर

Update: 2026-07-31 01:21 GMT
रामपुर। दो पत्नियों के बीच फंसे एक शख्स के पारिवारिक और आर्थिक विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत का सुनाया गया फैसला एक हफ्ते में ही फेल हो गया है। पिछले हफ्ते पंचायत ने फैसला सुनाया था कि पति दोनों पत्नियों के साथ तीन-तीन दिन रहेगा। एक दिन वह अपनी मर्जी से किसी के भी साथ रह सकता है। अब छोटी पत्नी पति को छोड़ कर कहीं चली गई है।वह अपने साथ छोटी बेटी को लेकर गई है। बड़ी बेटी को घर पर ही छोड़ दिया है। फिलहाल मामले की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि कोई तहरीर मिलती है तो उसी के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। मामला यूपी के रामपुर जिले का है।

रामपुर के दढ़ियाल चौकी क्षेत्र में एक सप्ताह पहले पंचायत बैठी थी। पंचायत में यह अनोखा और अजब मामला आया तो फरमान भी अजब ही सुनाया गया था। एक युवक की पहली शादी 14 साल पहले उत्तराखंड की एक युवती से हुई थी। इनसे उसकी दो बेटियां हुईं। बेटे की चाहत में युवक ने पहली शादी के लगभग 10 साल बाद दूसरी शादी कर ली। इसके लिए पहली पत्नी से न तो उसने कोई बात की और न ही सहमति ली थी। इसके बाद भी पहली पत्नी ने तब ज्यादा विरोध नहीं किया।

दूसरी पत्नी के साथ चार साल रहने के बाद भी पति की बेटे की चाहत पूरी नहीं हुई। उसे भी इस दौरान दो बेटियां ही हुईं। इसी दौरान आरोप लगा कि युवक अपनी दूसरी पत्नी के साथ ही रहने लगा और पहली पत्नी की पूरी तरह अनदेखी करने लगा। पहली पत्नी के सामने आर्थिक तंगी भी आने लगी। इससे परिवार में विवाद बढ़ने लगा। एक पति और दो पत्नियों के बीच शुरू हुआ यह विवाद इतना गहरा गया कि पंचायत बुला ली गई। पंचायत ने तीन-तीन दिन वाला फार्मूला तय किया। तीनों पक्षों ने इसे स्वीकार भी कर लिया।

अब अचानक छोटी पत्नी पति को छोड़कर कहीं चली गई। वह अपनी छोटी बेटी को साथ ले गई जबकि बड़ी बेटी को रास्ते में छोड़कर चली गई। पति ने बताया की रविवार को छोटी पत्नी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। उसने खोजने की कोशिश की लेकिन कोई पता नहीं चला। हालांकि पत्नी के इस तरह गायब होने के बाद भी उसने पुलिस में शिकायत नहीं की है। दढ़ियाल पुलिस चौकी प्रभारी ब्रजेश कुमार जैसवाल ने बताया कि अगर उसके पति या परिजन की तरफ से कोई तहरीर आती है तो उसके बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News