लिव-इन पार्टनर की हत्या कर फंदे पर झूला युवक, रिश्ते में तनाव होने पर जघन्य वारदात

पढ़े पूरी खबर

Update: 2026-05-03 07:46 GMT

मथुरा। वृंदावन में एक 24 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपनी 28 वर्षीय लिव-इन पार्टनर की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. अधिकारी के मुताबिक यह जोड़ा पिछले दो सालों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था. हालांकि, उनके रिश्ते में तब तनाव आ गया जब महिला ने युवक के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी.

सर्किल ऑफिसर (सदर) प्रीतम पाल सिंह ने बताया कि राधिका (28) नाम की महिला अपने पति से तलाक के बाद दुर्गापुरम कॉलोनी में सुभाष ठाकुर नाम के युवक के साथ एक किराए के कमरे में रह रही थी. किसी बात पर अनबन होने के बाद, राधिका ने कुछ दिन पहले ही ठाकुर के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जिसमें उसने ठाकुर पर छेड़छाड़ और पीछा करने (stalking) का आरोप लगाया था.

इससे गुस्सा होकर ठाकुर ने कथित तौर पर राधिका का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी फांसी लगा ली. इस घटना का पता शनिवार रात को तब चला, जब राधिका की बहन अनीता ने उसे कई बार फोन करने की कोशिश की. लेकिन उसने फोन नहीं उठाया. इसके बाद अनीता ने पड़ोसियों से राधिका को जाकर देखने के लिए कहा.

खिड़की से कमरे के अंदर एक शव पड़ा देखकर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. जब पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया, तो उन्हें राधिका का शव बिस्तर पर पड़ा मिला, जबकि ठाकुर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला. पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि ठाकुर ने अपनी पार्टनर की हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगाकर अपनी जान दे दी.


Tags:    

Similar News