Noida नोएडा। बिसरख थाना क्षेत्र के मूर्ति चौक पर सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक हवा में करीब तीन फीट तक उछलकर सड़क पर जा गिरा। हादसे का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है। मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया है।


घायल युवक की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है, जो वैदपुरा गांव का रहने वाला बताया गया है। घटना 5 सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे में हिमांशु के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि उसके हाथ और पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद उसे ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
परिजनों के मुताबिक हिमांशु रात की ड्यूटी खत्म करने के बाद सुबह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वह मूर्ति चौक के पास पहुंचा और सड़क पार करने लगा। तभी वहां से गुजर रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि टक्कर लगते ही युवक हवा में उछलकर दूर सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक की मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से निकल गया था। घायल युवक के परिजनों की
शिकायत
के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की गई। फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस आरोपी चालक तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने हादसे में शामिल कार को भी कब्जे में लिया है। थाना प्रभारी रंजीत सिंह के मुताबिक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन को भी कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सुबह के समय हुए इस हादसे के CCTV फुटेज में टक्कर की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। फिलहाल घायल हिमांशु का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Tags: