पायलट और गहलोत से अलग-अलग मिलेंगे मल्लिकार्जुन खड़गे

अब सुलझ सकता है मामला

Update: 2023-05-29 13:36 GMT
नई दिल्ली। राजस्थान कांग्रेस में चल रही कलह को खत्म कराने के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज शाम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनके पूर्व डिप्टी रहे सचिन पायलट से अलग-अलग मुलाकात करने वाले हैं। कांग्रेस पार्टी को उम्मीद है कि इस बैठक से राजस्थान संकट का समाधान निकल जाएगा लेकिन मुलाकात से पहले ही मुख्यमंत्री गहलोत ने नया दांव चल दिया है। इस बैठक में खड़गे के घर पर उनके अलावा राहुल गांधी भी होंगे। गहलोत ने सोमवार को कहा कि पार्टी आलाकमान कभी भी किसी नेता या कार्यकर्ता को मनाने के लिए कोई पद नहीं देगा। दिल्ली पहुंचने के बाद गहलोत ने हवाई अड्डे पर ही कहा कि उन्होंने अपने जीवन काल में कभी ऐसा कोई उदाहरण या ऐसी परंपरा नहीं देखी कि किसी नेता या कार्यकर्ता ने पार्टी पर दबाव बनाकर कुछ मांगा और पार्टी ने उसे पद दे दिया हो।
कांग्रेस अध्यक्ष के साथ राजस्थान कांग्रेस के दोनों नेताओं की बैठक बहुत महत्वपूर्ण है। चुनाव से पहले, जब सचिन पायलट ने गहलोत सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रखा है, तब इसकी अहमियत समझी जा सकती है। बता दें कि सचिन पायलट ने भ्रष्टाचार और पेपर लीक मामले पर गहलोत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। गहलोत सरकार पर सचिन पायलट की मांगों पर एक्शन लेने का दबाव है और 31 मई तक उसकी मियाद है। पायलट और उनके खेमे के विधायकों ने ऐलान कर रखा है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो पूरे राज्य में गांव-ढाणी तक जाकर आंदोलन करेंगे। चुनाव से पहले कांग्रेस सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों का आंदोलन राज्य में सियासी माहौल गरमा सकता है। सचिन पायलट 2020 से ही अशोक गहलोत के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।
Tags:    

Similar News

-->