Mumbai मुंबई। IIT बॉम्बे के बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच जांच कर रही है। जांच टीम छात्रों, प्रोफेसरों और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
साहिल एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था। 18 सितंबर को वह अपने हॉस्टल के कमरे में मृत मिला था। मामले की जांच बाद में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। जांच ACP स्तर के अधिकारी को दी गई है और इसकी निगरानी DCP डिटेक्शन-I कर रहे हैं।
जांच का एक अहम हिस्सा 18 सितंबर को परीक्षा के दौरान हुई घटना है। क्राइम ब्रांच ने परीक्षा हॉल, परिसर और हॉस्टल से संबंधित सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लिया है। जांच अधिकारी साहिल के परीक्षा हॉल से निकलने से लेकर हॉस्टल पहुंचने तक की गतिविधियों की टाइमलाइन तैयार कर रहे हैं।
साहिल के परिवार ने जातिगत उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। वहीं IIT बॉम्बे का कहना है कि साहिल की ओर से संस्थान के SC/ST सेल या प्रशासन को ऐसी कोई शिकायत नहीं दी गई थी। इन आरोपों की सत्यता भी क्राइम ब्रांच की जांच के दायरे में है और अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकला है। पुलिस साहिल के मोबाइल फोन सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का उद्देश्य उपलब्ध फुटेज, गवाहों के बयान और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर घटना से पहले की परिस्थितियों को स्पष्ट करना है।
Tags: