पुलिस को बड़ी सफलता: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 11 चोरी की बाइक बरामद
बड़ी कार्रवाई.
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने संगठित वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ऑटो-लिफ्टर (वाहन चोर) गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरफराज, निवासी महरौली (दिल्ली), और राहुल केशरवानी, निवासी अमेठी (उत्तर प्रदेश), के रूप में हुई है।
पुलिस ने वह ऑटो-रिक्शा भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल आरोपी चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए करते थे। इस कार्रवाई की शुरुआत बॉबी खान नामक व्यक्ति की शिकायत से हुई, जिसने छतरपुर पहाड़ी क्षेत्र से अपनी बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना दी थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस की विशेष टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और स्थानीय स्तर पर गहन पूछताछ की। इसके बाद तकनीकी निगरानी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सीडीआर चौक के पास जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 चोरी की मोटरसाइकिलें और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो-रिक्शा बरामद किया। इन बरामदगी के साथ दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज 11 वाहन चोरी के मामलों का भी खुलासा हो गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई वाहन चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वे देर रात आवासीय कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर बिना निगरानी खड़ी मोटरसाइकिलों और स्कूटियों को निशाना बनाते थे।
वाहन चोरी करने के बाद वे उन्हें पहले सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे और बाद में उनकी पहचान बदलकर खरीदारों को बेच देते थे, जिससे उन्हें जल्दी पैसा मिल सके। महरौली थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का वैज्ञानिक विश्लेषण, तकनीकी निगरानी और फील्ड स्टाफ से मिले इनपुट के आधार पर इस अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से राजधानी में सक्रिय संगठित वाहन चोरी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले लोगों की भी तलाश कर रही है।