Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: पुलिस में सोमवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया। राज्य के विभिन्न जिलों के पुलिस कप्तानों (SP) सहित कुल 27 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। इनमें 1 आईजी रैंक और 26 एसपी रैंक के अधिकारी शामिल हैं। इस बदलाव के तहत 13 जिलों के पुलिस कप्तान भी बदल दिए गए हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य बदलावों में चंद्रप्रकाश को आईजी सुरक्षा बनाया गया है। वहीं, दीक्षा शर्मा का तबादला हमीरपुर से राजधानी लखनऊ के डीसीपी कमिश्नरेट में किया गया। बहराइच और रामपुर के पुलिस अधीक्षक को पीएसी में स्थानांतरित किया गया। इस फेरबदल के तहत कई जिलों में वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया है।
इसके अलावा, राजेश द्विवेदी को सेनानायक पीएसी अलीगढ़, प्रबल प्रताप सिंह को एसपी क्राइम मुख्यालय, विद्या सागर मिश्रा को सेनानायक पीएसी सीतापुर, राजेश कुमार द्वितीय को सेनानायक पीएसी मेरठ, आदित्य लांग्हे को एसपी फिरोजाबाद, ईला मारन को एसएसपी एटा और डॉ. दुर्गेश कुमार को सेनानायक SSF अयोध्या में तैनात किया गया।
अन्य प्रमुख तबादलों में रामनयन सिंह को सेनानायक पीएसी नोएडा, सौरभ दीक्षित को एसपी शाहजहांपुर, सोमेंद्र मीणा को एसपी रामपुर, निपुण अग्रवाल को सेनानायक पीएसी मुरादाबाद, विश्वजीत श्रीवास्तव को एसपी बहराइच और लाखन सिंह यादव को एसपी अमरोहा के रूप में कार्यभार सौंपा गया। इस फैसले का उद्देश्य राज्य की कानून व्यवस्था को मजबूत करना और जिले स्तर पर पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाना बताया गया है। अधिकारियों के बदलाव से पुलिस विभाग में नई ऊर्जा और बेहतर निगरानी प्रणाली स्थापित करने की उम्मीद जताई जा रही है।